नई दिल्ली : किंग्स इलेवन पंजाब ने अगले महीने होने वाली आईपीएल की नीलामी से पहले युवराज सिंह को हटा दिया जबकि राजस्थान रायल्स ने भी बायें हाथ के तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट को इस साल के शुरू में 11.5 करोड़ रूपये की राशि देने के बाद अब बाहर कर दिया। दिल्ली डेयरडेविल्स ने उम्मीद के अनुरूप गौतम गंभीर को बाहर किया जिन्होंने 2018 सत्र के बीच में खराब फार्म के कारण हटने का फैसला किया था।
क्रिस गेल को पंजाब की टीम ने दो करोड़ रूपये के आधार मूल्य में लिया था और 2018 के सत्र में अच्छे प्रदर्शन को देखते हुए उम्मीद के मुताबिक बरकरार रखा है। गुरूवार को खिलाड़ियों को बरकरार रखने की अंतिम तारीख समाप्त हो गयी। रायल्स ने उनादकट को बाहर किया जबकि दस लाख डालर से ज्यादा की राशि में खरीदे गये बेन स्टोक्स को साथ रखा है। उसने इंग्लैंड के इस आलराउंडर को 12.5 करोड़ में खरीदा था। सीनियर आस्ट्रेलियाई बल्लेबाज स्टीव स्मिथ को भी बरकरार रखा गया है, जो निलंबन के कारण 2018 आईपीएल में नहीं खेल पाये थे।
उनादकट के अलावा रायल्स ने अनुरीत सिंह, अंकित शर्मा और जतिन सक्सेना को बाहर कर दिया है। सनराइजर्स हैदराबाद ने चोटिल रिद्धिमान साहा के साथ वेस्टइंडीज के टी20 कप्तान कार्लोस ब्रेथवेट को भी बाहर किया है। गंभीर के अलावा दिल्ली ने जेसन रॉय, जूनियर डाला, लियाम प्लंकेट, मोहम्मद शमी, सयान घोष, डेनियल क्रिस्टियन, ग्लेन मैक्सवेल, गुरकीरत सिंह मान और नमन ओझा को भी हटा दिया है। दिल्ली ने कप्तान श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत, अमित मिश्रा और पृथ्वी साव को बरकरार रखा है। पृथ्वी ने पिछले सत्र में आईपीएल में पदार्पण किया था।


Download Android App
Download iOS App



