केपटाउन में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच पहले टेस्ट में विकेटकीपर रिद्धिमान साहा छा गए। इस इंडियन विकेटकीपर ने मैच में 10 शिकार किए। एक टेस्ट में इतने शिकार करने वाले वो नंबर 1 कीपर बन गए हैं। धोनी भी अपने करियर में कभी एक टेस्ट में इतने शिकार नहीं कर पाए।
यह विकेट के पीछे साहा और गेंदबाजों को मिला-जुला योगदान ही रहा कि दक्षिण अफ्रीकी दूसरी पारी में 130 रन पर ही ढेर हो गए। ऋद्धिमान साहा विकेट के पीछे धोनी के सर्वाधिक शिकार को पीछे छोड़कर इस मामले में भारत के पहले विकेटकीपर बन गए।
अभी तक एक टेस्ट में सबसे ज्यादा शिकार करने का रिकॉर्ड भारत के सबसे सफल विकेटकीपर एमएस धोनी के नाम था।
धोनी ने 2014 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मेलबर्न टेस्ट में 9 शिकार किए थे। ये वही मैच था जिसके बाद धोनी ने टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट ले लिया था।
साहा ने पहली इनिंग में 5 और दूसरी इनिंग में भी 5 शिकार किए। पहली इनिंग में उन्होंने एल्गर, हाशिम अमला, डु प्लेसिस, डिकॉक और रबाडा के कैच पकड़े।
वहीं, दूसरी इनिंग में उन्होंने एल्गर, डु प्लेसिस, डिकॉक, केशव महाराज और मोर्कल के कैच पकड़े।
साहा से पहले ऑस्ट्रेलिया के एडम गिलक्रिस्ट और इंग्लैंड के बॉब टेलर ने 10-10 कैच पकड़े थे। गिली ने 2000 में न्यूजीलैंड और टेलर ने 1980 में भारत के खिलाफ यह कारनामा किया था। वैसे एक टेस्ट में सर्वाधिक कैच जैक रसेल और एबी डिविलियर्स ने लपके (11-11) हैं।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App









