हैदराबाद : पिछले मैच में मिली करीबी हार के बाद दो बार की चैम्पियन कोलकाता नाइट राइडर्स रविवार को यहां राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच से वापसी करना चाहेगी। कोलकाता को शुक्रवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के हाथों 10 रन से हार का सामना करना पड़ा है। टीम 12वें संस्करण में नौ मैचों में चार जीत और पांच हार के साथ आठ अंक लेकर तालिका में छठे नंबर पर है।
वहीं, दूसरी तरफ हैदराबाद आठ मैचों में चार जीत और इतने ही हार के साथ पांचवें नंबर पर है। हैदराबाद की टीम अपने घर में पिछले मैच में चेन्नई सुपर किंग्स को छह जीत से हराकर जीत की पटरी पर लौटी है और अब उसकी कोशिश कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ होने वाले इस मैच में भी जीत की लय कायम रखने की होगी। हैदराबाद के गेंदबाजों ने चेन्नई के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया था।
टीम ने पहले गेंदबाजी करते हुए अपने नियमित कप्तान महेंद्र सिह धोनी के बिना उतरी चेन्नई को पांच विकेट पर 132 रन पर रोक दिया और फिर चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया था। टीम के लेग स्पिनर राशिद ने उस मैच में चार ओवर में मात्र 17 ही खर्च किए थे और उन्होंने दो विकेट भी लिए थे। हैदराबाद को राशिद से एक बार फिर ऐसे ही प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
बल्लेबाजी में टीम ज्यादातर डेविड वार्नर और जॉनी बेयरस्टो पर टिकी हुई है। दोनों बल्लेबाजों ने चेन्नई के खिलाफ पहले विकेट के लिए 66 रनों की साझेदारी की थी। वहीं, दूसरी तरफ कोलकाता की टीम बेंगलोर से मिली हार के बाद हैदराबाद के खिलाफ वापसी करना चाहेगी।


Download Android App
Download iOS App



