मुंबई : भारत के कलाई के स्पिनरों युजवेंद्र चहल और कुलदीप यादव के हुनर की तारीफ करते हुए दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान केपलर वेसेल्स आज कहा कि उनके देश के बल्लेबाज दोनों की गेंदबाजी को नहीं समझ सके और एकदिवसीय श्रृंखला में संघर्ष करते हुए दिखे।वेसेल्स ने पीटीआई से कहा, ‘‘ उन्होंने संघर्ष किया क्योंकि दक्षिण अफ्रीका के मौजूदा बल्लेबाज कलाई के स्पिनरों के खिलाफ ज्यादा नहीं खेले हैं। बल्लेबाज स्पिन गेंदबाजी के स्तर से अचंभित थे और उन्होंने पहले कभी ऐसा अनुभव नहीं किया था।’’
विराट कोहली की अगुवाई में भारतीय टीम ने एकदिवसीय श्रृंखला में 5-1 से शानदार जीत दर्ज की। टीम को यहां पहली बार द्विपक्षीय श्रृंखला में जीत दिलाने में चहल और यादव ने अहम भूमिका निभाई। दोनों ने मिलकर 33 विकेट झटके। वेसेल्स ने कहा कि वह भारतीय टीम की जीत से आश्चर्यचकित नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘ मैं भारत के प्रदर्शन से अश्चर्यचकित नहीं हूं क्योंकि मुझे पता था कि एकदिवसीय में (टेस्ट श्रृंखला के बाद) वे मजबूत होंगे और उनके पास बेहतर एकदिवसीय टीम है। खिलाड़ियों के चोटिल होने के कारण दक्षिण अफ्रीका की टीम कमजोर थी और उन्होंने स्पिनरों का सामना ठीक से नहीं किया। भारतीय टीम बेहतर थी।’’
अधिक जानकारियों के लिए बने रहिये पंजाब केसरी के साथ।


Download Android App
Download iOS App



