कोलंबो : श्रीलंका और बांग्लादेश निदाहास ट्रॉफी टी20 त्रिकोणीय सीरीज के ‘करो या मरो’ के मुकाबले में एक दूसरे के मुकाबिल होंगे तो उनका इरादा अपनी गलतियों से सबक लेकर बेहतर प्रदर्शन का होगा। दोनों में से विजेता टीम 18 मार्च को फाइनल में भारत से खेलेगी। दोनों टीमों के त्रिकोणीय श्रृंखला में एक एक जीत के साथ दो अंक हैं। श्रीलंका ने पहले मैच में भारत को हराया जबकि बांग्लादेश ने 215 रन का लक्ष्य आसानी से हासिल करके मेजबान को मात दी। मेजबान टीम को फायदा यह है कि मैच बारिश में धुलने पर बेहतर रनरेट के आधार पर वह फाइनल में पहुंच जायेगी। बांग्लादेश के खिलाफ श्रीलंका का हालिया रिकार्ड प्रभावी रहा है।
उसने बांग्लादेश को टेस्ट और टी20 सीरीज में हराने के अलावा जिम्बाब्वे समेत त्रिकोणीय एक दिवसीय सीरीज के फाइनल में भी उस पर जीत दर्ज की। श्रीलंका को नियमित कप्तान दिनेश चांदीमल की कमी भी खलेगी जिन्हें दो टी20 मैचों से निलंबित कर दिया गया है। बांग्लादेश के खिलाफ मैच में वह धीमी ओवर गति के अपराध के दोषी पाये गए। उनकी गैर मौजूदगी में तिसारा परेरा कप्तान होंगे। मेजबान टीम को फार्म में चल रहे कुशाल मेंडिस और कुशाल परेरा से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
हमारी मुख्य खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



