केजरीवाल की माफी पर पंजाब AAP में घमासान, भगवंत मान ने दिया इस्तीफा

Summary :

NULL

अरविंद केजरीवाल की बिक्रम सिंह मजीठिया से माफी मांगने पर आप में घमासान शुरू हो गया है। कुमार विश्वास के विरोध के बाद अब आप सांसद भगवंत मान ने पंजाब अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया है। बताया जा रहा है कि केजरीवाल के माफी मांगने से आप के कई नेता नाराज हैं। भगवंत मान ने फेसबुक और ट्विटर पर पंजाबी और अंग्रेजी भाषा मे पोस्ट करते हुए अपने इस्तीफ़े की जानकरी दी है। भगवंत मान ने लिखा ”मैं आम आदमी पार्टी के पंजाब अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे रहा हूं, लेकिन ड्रग माफिया और तमाम भ्रष्टाचार के खिलाफ मेरी लड़ाई एक ‘आम आदमी’ की तरह जारी रहेगी।

केजरीवाल पर कुमार का तंज

पार्टी से राज्यसभा न भेजे जाने से नाराज चल रहे वरिष्ठ नेता और कवि कुमार विश्वास ने ट्विटर पर चार लाइनों की एक कविता लिखकर अरविंद केजरीवाल पर तंज कसा है। उन्होंने एक ट्वीट में लिखा, ‘एकता बाँटने में माहिर है, खुद की जड़ काटने में माहिर है, हम क्या उस शख़्स पर थूकें जो खुद, थूक कर चाटने में माहिर है!’

केजरीवाल से नाराज हुए पार्टी नेता

आम आदमी पार्टी के पंजाब के नेता सुखपाल सिंह खैरा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने पार्टी से चर्चा किए बगैर यह कदम उठाया है। कुमार विश्वास के बाद सुखपाल सिंह खैरा ने भी ट्वीट कर कहा, ‘अरविंद केजरीवाल के माफी मांगने से हम पूरी तरह स्तब्ध हैं। हमें इस बात को स्वीकार करने में कोई गुरेज नहीं है कि हमसे इस बारे में कोई चर्चा नहीं की गई।’

केजरीवाल ने मांगी माफी

दरअसल, पंजाब चुनाव प्रचार के दौरान बिक्रम सिंह मजीठिया पर आम आदमी पार्टी के नेताओं अरविंद केजरीवाल, संजय सिंह, आशीष खेतान ने पब्लिक मीटिंग में और रैलियों के दौरान मजीठिया और उनके परिवार पर ड्रग्स की तस्करी करने और पंजाब में नशा बेचने के आरोप लगाए थे। चुनाव खत्म होने के बाद बिक्रम सिंह मजीठिया ने अरविंद केजरीवाल, संजय सिंह और आशीष खेतान पर अमृतसर जिला अदालत में मानहानि का केस कर दिया था।

माफी पत्र में केजरीवाल ने लिखा है कि बिक्रम मजीठिया के खिलाफ लगाए गए सभी आरोप वे वापस लेते हैं। साथ ही इन आरोपों से उन्‍हें, उनके परिवार और दोस्‍तों को जो दुख पहुंचा है उसके लिए उन्‍हें खेद है।

देश और दुनिया का हाल जानने के लिए जुड़े रहे पंजाब केसरी के साथ।

Desk Team