भुवनेश्वर : क्रिकेट के मैदान पर ‘सचिन सचिन ’ का शोर कोई नयी बात नहीं है लेकिन रविवार को हाकी विश्व कप फाइनल के दौरान यहां कलिंगा स्टेडियम पर मास्टर ब्लास्टर के आते ही यह नारा गूंज उठा । नीदरलैंड और बेल्जियम के बीच फाइनल मैच देखने आये तेंदुलकर मैच शुरू होने से करीब आधा घंटा पहले वीवीआईपी गैलरी में नजर आये तो उनकी तस्वीरें लेने की दर्शकों में होड़ लग गई ।
इसके बाद मैच के हाफटाइम के दौरान जब वह मैदान पर उतरे तो कलिंगा स्टेडियम मानों वानखेड़े स्टेडियम में तब्दील हो गया और चारों तरफ ‘सचिन सचिन ’ का शोर सुनाई देने लगा । तेंदुलकर ने इस मौके पर कहा भारत में हाकी विश्व कप के सफल आयोजन की सराहना की और भारत के नहीं होने के बावजूद पूरी तादाद में स्टेडियम में पहुंचे दर्शकों को धन्यवाद दिया । उन्होंने कहा,‘‘ इस तरह के टूर्नामेंट का भारत में होना और इतना सफल रहना काफी अच्छा है ।
इससे खेलों को बढावा मिलेगा। मुझे यहां का माहौल देखकर बहुत अच्छा लग रहा है।’’ उन्होंने कहा,‘‘ मैने भारत और नीदरलैंड का क्वार्टर फाइनल मैच देखा । भारत की टीम युवा है लेकिन उसने अच्छी चुनौती दी । मुझे यकीन है कि आने वाले समय में हम पदक जरूर जीतेंगे ।’’ दर्शक दीर्घा में मौजूद विदेशी जहां यह नजारा देखकर हैरान थे तो आस्ट्रेलिया और इंग्लैंड से हाकी कवरेज के लिये आये खेल पत्रकारों को इसका तजुर्बा था । इंग्लैंड से आये राड गिलमोर ने कहा ,‘‘ सचिन वाकई भारत में क्रिकेट का ही नहीं खेलों का भगवान है । रिटायर होने के इतने साल बाद भी उसका क्रेज बरकरार है ।’’


Download Android App
Download iOS App



