Ashes 2021 : इंग्लैंड की पहली पारी 147 पर ढेर, कप्तान कमिंस और स्टार्क ने मचाया धमाल

Summary :

एशेज 2021 का पहला टेस्ट मैच ब्रिसबेन के गाबा मैदान पर इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच चल रहा है।

एशेज 2021 का पहला टेस्ट मैच ब्रिसबेन के गाबा मैदान पर इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच चल रहा है। इस मैच के पहले दिन ऑस्ट्रेलिया की तेज गेंदबाज़ों की तिकड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड को सिर्फ 147 रनों पर ही समेट दिया। टीम के लिए कप्तान पैट कमिंस ने सबसे ज्यादा पांच विकेट झटके, जबकि मिचेल स्टार्क और जोस हेजलवुड को दो-दो विकेट मिले। इस दौरान स्टार्क ने वो कारनामा भी कर दिखाया, जो एशेज के इतिहास से इससे पहले अब तक सिर्फ एक ही बार हुआ था। यहां स्टार्क ने पहले टेस्ट और एशेज सीरीज की पहली ही बॉल पर विकेट चटकाया और इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज रोरी बर्न्स का लेग स्टंप उखड़ दिया।

एशेज सीरीज की पहली ही बॉल पर विकेट इससे पहले 1936 में लिया था। यानी स्टार्क ने 85 साल बाद इस कारनामे को दोहराया है। इसके साथ ही स्टार्क ने टेस्ट क्रिकेट में 13वीं बार पहली बॉल पर विकेट हासिल किया है और उन्होंने इस मामले में इंग्लैंड के दिग्गज तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन को पीछे छोड़ दिया। इंग्लिश तेज गेंदबाज ने 12 बार टेस्ट क्रिकेट में पहली गेंद पर विकेट झटका है। फ़िलहाल उन्हें इस मैच में आराम दिया गया है।

इसके अलावा सिर्फ 60 रनों पर ही पांच विकेट गवाने वाले इंग्लैंड की टीम को ओली पोप और विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर ने मजबूती दी। दोनों ने छठे विकेट के लिए 52 रनों की साझेदारी कर टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचाने में मदद की। पोप इसके बाद जहां कैमरन ग्रीन का शिकार बने, वहीं बटलर को स्टार्क ने पवेलियन भेजा। इन दोनों के अलावा कोई दूसरा इंग्लिश बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सके और पूरी टीम 50.1 ओवरों में 147 रनों पर ऑलआउट हो गई।

Desk Team