सिडनी : अपनी सर्वश्रेष्ठ फार्म में चल रहे भारत के किदाम्बी श्रीकांत ने विश्व के नंबर एक खिलाड़ी कोरिया के सोन वान हो को उलटफेर का शिकार बनाने के साथ यहां आस्ट्रेलिया ओपन सुपर सीरीज बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली है। इंडोनेशिया ओपन चैंपियन श्रीकांत ने शीर्ष वरीय वान के खिलाफ पुरूष एकल के दूसरे दौर में जबरदस्त संघर्ष दिखाया और पहला गेम 15-21 से हारने के बाद वापसी करते हुये अगले दोनों गेम जीते और 15-21, 21-13, 21-13 से 57 मिनट में मैच समाप्त कर जीत अपने नाम कर ली।
विश्व में 11वें नंबर के खिलाड़ी श्रीकांत ने इस जीत के साथ ही वान के खिलाफ अपना करियर रिकार्ड 4-4 से बराबर कर लिया है। हालांकि अब उन्हें क्वार्टरफाइनल में हमवतन बी साई प्रणीत की चुनौती का सामना करना होगा। एक अन्य मैच में प्रणीत ने भी अपनी लय कायम रखते हुये चीन के हुआंग यूशियान को एक घंटे चार मिनट में 21-15, 18-21, 21-13 से मात दी। विश्व में 16वें नंबर के खिलाड़ी प्रणीत और श्रीकांत के बीच करियर में अब तक हुये छह मैचों में प्रणीत का पलड़ा भारी रहा है और उनका रिकार्ड हमवतन खिलाड़ी के खिलाफ 5-1 का रहा है।
महिला युगल में अश्विन पोनप्पा और एन सिक्की रेड्डी का सफर दूसरे दौर में हार के साथ समाप्त हो गया जिन्हें सातवीं सीड जापान की शिहो तनाका और कोहारू योनेमोटो की जोड़ी ने एक घंटे पांच मिनट के संघर्ष में 18-21, 21-18, 21-13 से हराकर बाहर कर दिया।


Download Android App
Download iOS App




