आजम का शतक, पाकिस्तान ने बनाए 305 रन

Summary :

24 वर्षीय बल्लेबाज ने 105 गेंदों पर 115 रन बनाये जिससे पाकिस्तान दूसरे वनडे में टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दमदार स्कोर बनाने में सफल रहा।

कराची : कलात्मक बल्लेबाज बाबर आजम के शतक की मदद से पाकिस्तान ने कराची में पिछले दस साल में पहली बार खेले गये एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में श्रीलंका के खिलाफ सोमवार को यहां सात विकेट पर 305 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। इस 24 वर्षीय बल्लेबाज ने 105 गेंदों पर 115 रन बनाये जिससे पाकिस्तान दूसरे वनडे में टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दमदार स्कोर बनाने में सफल रहा। 
आजम 54वां रन पूरा करते ही वर्ष 2019 में वनडे में 1000 रन पूरे करने वाले पांचवें बल्लेबाज बने। उनसे पहले भारत के विराट कोहली और रोहित शर्मा तथा आस्ट्रेलिया के आरोन फिंच और उस्मान ख्वाजा ने यह मुकाम हासिल किया। आजम ने हारिस सोहेल (40) के साथ तीसरे विकेट के लिये 111 रन की साझेदारी की। 
सोहेल रन आउट हो गये जिसके बाद आजम ने अकेले पारी को संवारा। उन्होंने लाहिरू कुमारा पर चौका जड़कर 97 गेंदों पर अपना 11वां वनडे शतक पूरा किया। आजम ने आखिर में कुमारा की गेंद पर ही डीप मिड ऑन पर कैच दिया।

Desk Team