समारा : लीग चरण में लय हासिल करने के लिये जूझ रहे नेमार और ब्राजील ने यहां मैक्सिको के खिलाफ अपना असली रंग दिखाया जिससे पांच बार की चैंपियन ने 2-0 की जीत दर्ज करके शान से विश्व कप 2018 के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। ब्राजील को शुरू में लय हासिल करने के लिये इंतजार करना पड़ा लेकिन जब उसके पांवों का जादू चलने लगा तो फिर पिछले चैंपियन जर्मनी को हराकर सुर्खियां बटोरने वाले मैक्सिको के पास उसका कोई जवाब नहीं था। नेमार ने 51वें मिनट में पहला गोल दागा जबकि स्थानापन्न राबर्टो फर्मिंगो ने 88वें मिनट में ब्राजील की बढ़त दोगुनी की।
अगर मैक्सिको के गोलकीपर गुलेरमो ओचोआ ने कुछ अच्छे बचाव नहीं किये होते तो ब्राजील की जीत का अंतर इससे अधिक होता। दोनों टीमों ने आक्रामक शुरुआत की लेकिन पहले 20 मिनट में मैक्सिको अधिक आत्मिवश्वास और लय में दिखा। इस बीच दोनों टीमों को मौके भी मिले लेकिन मैक्सिको के हिरविंग लजानो और ब्राजील के नेमार दोनों इन्हें नहीं भुना पाये। ब्राजील की टीम ने धीरे धीरे लय पकड़ी। नेमार के पास 25वें मिनट में अच्छा मौका था लेकिन मैक्सिको के गोलकीपर ओचोआ ने आगे आकर बड़ी खूबसूरती से उनका यह प्रयास विफल कर दिया। मैक्सिको की टीम पहले हाफ के अंतिम क्षणों में प्रभावहीन दिखी।


Download Android App
Download iOS App



