भारत के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान को लगता है कि जसप्रीत बुमराह को न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज में अपनी मौजूदगी दर्ज कराने के लिये अधिक आक्रामक होने के अलावा अतिरिक्त जोखिम उठाने की जरूरत है। हाल में वनडे सीरीज में उन्हें कोई विकेट नहीं मिला था। पिछले साल स्ट्रेस फ्रेक्चर के कारण चार महीने क्रिकेट से दूर रहने वाले बुमराह ने न्यूजीलैंड के खिलाफ सभी तीन वनडे खेले, उन्होंने 30 ओवरों में 167 रन दिये लेकिन कोई विकेट हासिल नहीं कर सके।
जहीर ने कहा कि प्रतिद्वंद्वी बल्लेबाजों को अब बुमराह के खिलाफ खेलने में ज्यादा सतर्क होना होगा जबकि इस तेज गेंदबाज को फार्म में वापसी के लिये अतिरिक्त प्रयास करने होंगे। जहीर ने कहा कि जब आप ऐसी ख्याति हासिल कर लेते हो जैसे कि जसप्रीत बुमराह ने इतने वर्षों में हासिल की है तो आपको इससे जूझना होता है। उन्होंने कहा कि बुमराह को इसे समझना होगा कि उसे ये विकेट हासिल करने के लिये थोड़ा अतिरिक्त आक्रामक होना होगा। बुमराह को अतिरिक्त जोखिम लेने की जरूरत है।
भारत टी20 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 5-0 से जीत हासिल करने के बाद वनडे सीरीज में मेजबानों से 0-3 से हार गया जिसमें बुमराह का फ्लाप शो अहम रहा। जहीर ने कहा कि बल्लेबाजों को बुमराह का सामना करने में थोड़ी सतर्कता बरतनी होगी। उन्होंने कहा कि वह जानता हे कि बल्लेबाज थोड़े रक्षात्मक होंगे इसलिये उसे बल्लेबाजों के गलती करने की उम्मीद करने के बजाय विकेट झटकने का तरीका ढूंढना होगा। बल्लेबाज काफी सतर्क रवैया अपना रहे हैं और वे सुनिश्चित करेंगे कि बुमराह विकेट हासिल नहीं कर सकें।
जहीर ने कहा कि यह अच्छा संकेत है कि अन्य बल्लेबाज उन्हें इतना सम्मान दे रहे हैं इसलिये अब बुमराह की जिम्मेदारी उन्हें खेलने के लिये उकसाने की है। उसे खुद को बताना होगा कि ‘मेरा काम रन रोकना नहीं है, मेरा काम विकेट झटकना है और इस प्रक्रिया में अगर मेरी गेंदों पर रन भी बनते हैं तो बनने दो। मैं मुख्य गेंदबाज हूं इसलिये मुझे दबदबा बनाना होगा’।


Download Android App
Download iOS App



