दुबई : कप्तान विराट कोहली पूर्व दिग्गज खिलाड़ी सुनील गावस्कर के बाद ऐसे दूसरे भारतीय क्रिकेटर बन गये है जो आईसीसी टेस्ट खिलाड़ियों की रेटिंग में 900 अंको के आंकड़े तक पहुंचे है। आईसीसी क्रिकेट हाल आफ फेम में शामिल गावस्कर द ओवल में 1979 में अपने 50वें टेस्ट में 12 और 221 रन की पारी के दम पर 887 रेटिंग अंक से 916 अंक तक पहुंचे थे जो उनके करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सेंचुरियन टेस्ट में 21वां शतक लगाकर कोहली ने यह उपलब्धि अपने 65 टेस्ट में हासिल की। मैच से पहले उनके 880अंक थे जो 153 और पांच रन की उनकी पारियों के बाद 900 हो गया।
सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड़ दो अन्य भारतीय बल्लेबाज है जो 900 अंकों के आंकड़े के सबसे करीब पहुंचे थे लेकिन कभी उसे पार नहीं कर सकें। तेंदुलकर 2002 में 898 और द्रविड 2005 में 892 अंक तक पहुंचे थे। इस उपलब्धि को हासिल करने वाले कोहली टेस्ट इतिहास के 31वें बल्लेबाज है। इस तालिका में 961 अंक के साथ डान ब्रेडमैन शीर्ष पर है। उनके बाद स्टीव स्मिथ (947), लेन हटन (945), रिकी पोंटिंग और जैक हॉब्स (दोनों 942) का नंबर आता है।
अन्य विशेष खबरों के लिए पढ़िये पंजाब केसरी की अन्य रिपोर्ट।


Download Android App
Download iOS App



