नई दिल्ली: मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर अंडर 19 टीम में सलेक्ट हुए हैं। उन्हें मुंबई की अंडर 19 टीम के लिए चयनित किया गया है। चयन के बाद अब अर्जुन बड़ोदा में होने वाले जेवाई लेले ऑल इंडिया अंडर 19 इनविटेशनल वनडे टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगे। गौरतलब है कि इससे पहले अर्जुन मुंबई की अंडर 14 और अंडर 16 टीमों के लिए खेल चुके हैं।
यह पहला मौका है जब अर्जुन को मुंबई की अंडर 19 में शामिल किया गया है। बता दें कि जेवाई लेले वनडे टूर्नामेंट 16 सितंबर से 23 सितंबर तक बड़ोदा में होगा। अर्जुन बाएं हाथ के ऑल राउंडर खिलाड़ी हैं साथ ही वह तेज गेंदबाजी के लिए भी जाने जाते हैं।
गौरतलब है कि अर्जुन तेंदुलकर ने 22 जनवरी 2010 को अंडर 13 टूर्नामेंट में पहली बार अपना हाथ आजमाया था। इसके बाद वो वेस्ट जोन के अंडर 14 टूर्नामेंट के लिए चुने गए थे। 14 के ही टूर्नामेंट में अर्जुन ने खार जिमखाना के लिए खेलते हुए अपनी पहली सेंचुरी जड़ी थी। इसके अलावा 2011 में अर्जुन ने सिर्फ 22 रन देकर 8 विकेट लेकर सुर्खियां बटोरी थी।
मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो अर्जुन पिछले लंबे समय से लंदन में तेज गेंदबाजी की बारीकियां सीख रहे थे। वह अंडर-14, अंडर-16 में पहले ही अपने शानदार प्रदर्शन से चयनकर्ताओं को प्रभावित कर चुके हैं। इसके अलावा अर्जुन इंग्लैंड में कई दिग्गज बल्लेबाजों को नेट प्रैक्टिस करा चुके हैं और उन्होंने जॉनी बेयरस्टो को एक ऐसी यॉर्कर डाली थी जिसका बेयरस्टो के पास कोई जवाब नहीं था। इस यॉर्कर के बाद हर कोई अर्जुन की तारीफ कर रहा था।
वहीं इन सबसे इतर एमसीसी अधिकारी ने अपने बयान में कहा था, ”अर्जुन लगातार प्रैक्टिस करते हैं। वो अक्सर प्रैक्टिस सेशन का हिस्सा बनते हैं। हमने उन्हें इंग्लैंड टीम के बल्लेबाजों को नेट प्रैक्टिस कराने के लिए भी कहा था। वो शानदार खिलाड़ी हैं.” इसके अलावा अर्जुन आईसीसी महिला विश्व कप के दौरान भारतीय खिलाड़ियों को नेट प्रैक्टिस में मदद कर चुके हैं।


Download Android App
Download iOS App







