ढाका : ओपनर तमीम इ़कबाल की 76 रन की शानदार पारी और गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन से बांग्लादेश ने जिम्बाब्वे को मंगलवार को 91 रन से पीटकर जीत की हैट्रिक लगाते हुए त्रिकोणीय एक दिवसीय सीरीज के फाइनल में प्रवेश कर लिया। बांग्लादेश ने 50 ओवर में नौ विकेट पर 216 रन बनाने के बावजूद जिम्बाब्वे को 36.3 ओवर में 125 रन पर निपटा दिया। बांग्लादेश ने टूर्नामेंट में लगातार तीसरी जीत बोनस अंक के साथ हासिल की और अब उसके तीन मैचों से 15 अंक हो गए हैं।
जिम्बाब्वे इस हार के बाद तीसरे स्थान पर खिसक गया है। फाइनल की दूसरी टीम का फैसला बांग्लादेश और श्रीलंका के बीच गुरूवार को होने वाले आखिरी लीग मैच से होगा। मैन ऑफ द मैच तमीम ने 105 गेंदों पर 76 रन में छह चौके लगाए। शाकिब अल हसन ने 80 गेंदों में छह चौकों की मदद से 51 रन का योगदान दिया। कप्तान ग्रीम क्रेमर ने 32 रन पर चार विकेट और काइल जार्विस ने 42 रन पर तीन विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे की टीम अपने चार विकेट मात्र 34 रन पर गंवाने के बाद मुकाबले में नहीं लौट सकी। सिकंदर राजा ने सर्वाधिक 39 रन बनाये। शाकिब ने 34 रन पर तीन विकेट हासिल किये जबकि मशरफे मुर्तजा, सुन्जामुल इस्लाम और मुस्तफ़त्रिर रहमान को दो दो विकेट मिले।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए यहां क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



