मुंबई : महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने कहा कि इंग्लैंड में विश्व कप के दौरान पिचें बल्लेबाजों की ऐशगाह होंगी लेकिन गर्म मौसम के कारण गेंद उतना स्विंग नहीं लेगी। विश्व कप 30 मई से इंग्लैंड में शुरू होगा जिसमें 10 टीमें भाग ले रही हैं। सचिन तेंदुलकर ने यहां अपने नाम पर बने एमआईजी क्लब पवेलियन के उद्घाटन के मौके पर कहा कि मुझे बताया गया है कि वहां काफी गर्मी होगी। चैम्पियंस ट्राफी में भी विकेट अच्छे थे । गर्मी में विकेट सपाट हो जाते हैं। मुझे उम्मीद है कि बल्लेबाजी के लिये यह शानदार विकेट होगी।
उन्होंने कहा कि मुझे नहीं लगता कि हालात बहुत अलग होंगे बशर्ते बादल नहीं हो। बादल होने पर गेंद स्विंग ले सकती है। ऐसा होगा भी तो लंबे समय नहीं, पहले ओवर तक बस। भारतीय खिलाड़ी विराट कोहली, हार्दिक पंड्या और केएल राहुल आईपीएल में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। यह पूछने पर कि इसका फायदा क्या विश्व कप में मिलेगा, उन्होंने कहा कि किसी भी प्रारूप में अच्छा प्रदर्शन करने से खिलाड़ी का आत्मविश्वास बढ़ता है ।
यदि आप किसी भी प्रारूप में अच्छे हैं तो वह अहम है। सचिन तेंदुलकर ने महान बल्लेबाज ब्रायन लारा को उनके जन्मदिन पर बधाई भी दी। उन्होंने कहा कि हम कुछ सप्ताह पहले मिले थे। मैने उससे कहा कि 50 हो गए और 50 साल बाकी है । वह शानदार इंसान है और बेहद भद्र भी। उसने क्रिकेट के मैदान पर कीर्तिमान बनाये हैं लेकिन उसका सर्वश्रेष्ठ अभी आना बाकी है।


Download Android App
Download iOS App



