USA Cricket: साल 2024 के टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान जैसी मजबूत टीम को हराकर दुनिया का ध्यान खींचने वाली अमेरिका की क्रिकेट टीम अब मुश्किल में है। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने अमेरिका क्रिकेट बोर्ड की सदस्यता तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दी है। यह फैसला 23 सितंबर 2025 को हुई आईसीसी की वर्चुअल बोर्ड मीटिंग में लिया गया। हालांकि राहत की बात यह है कि इस फैसले का असर टीम पर नहीं पड़ेगा और अमेरिका अगले साल होने वाले टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेगी।
आखिर क्यों निलंबित हुई सदस्यता?
अमेरिका क्रिकेट बोर्ड पर लंबे समय से प्रशासनिक गड़बड़ी और कर्तव्यों को पूरा न करने के आरोप लग रहे थे। पिछले साल श्रीलंका में हुई आईसीसी की सालाना बैठक में बोर्ड को नोटिस दिया गया था। इसके बाद इस साल जुलाई में सिंगापुर में हुई मीटिंग में अमेरिका को 3 महीने का और समय दिया गया था ताकि वह अपने प्रशासन को व्यवस्थित कर सके। लेकिन तय समय खत्म होने के बावजूद कोई सुधार नहीं हुआ। नतीजा ये हुआ की आईसीसी को कड़ा कदम उठाना पड़ा और बोर्ड की सदस्यता निलंबित कर दी गई।
अंदरूनी विवाद बना बड़ी वजह
अमेरिका क्रिकेट बोर्ड में लंबे समय से प्रशासनिक संकट चल रहा है। बोर्ड के चेयरमैन वेणु पिसिके ने आईसीसी और अमेरिकी ओलंपिक कमेटी (USOPC) दोनों की सलाह मानने से इनकार कर दिया। दोनों संस्थाओं ने बोर्ड में नए नेतृत्व की मांग की थी, लेकिन पिसिके इसके खिलाफ थे। इसी वजह से बोर्ड और आईसीसी के बीच लगातार टकराव बढ़ता गया। अमेरिका क्रिकेट बोर्ड का निलंबन टीम के खिलाड़ियों के लिए चिंता की बात हो सकती है, लेकिन फिलहाल उनकी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने की राह बंद नहीं हुई है। अमेरिका की टीम को अगले साल होने वाले टी20 वर्ल्ड कप में खेलने की अनुमति है। इसके अलावा, लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 पर भी इस फैसले का कोई असर नहीं होगा। मेजबान होने के कारण अमेरिका को ओलंपिक क्रिकेट टूर्नामेंट में जगह मिल सकती है।
Also Read: मुश्किल में पड़े Suryakumar Yadav, ICC ने दिए भारतीय कप्तान के खिलाफ जांच के आदेश


Download Android App
Download iOS App





