जयसूर्या से आईसीसी ने मांगा जवाब

Summary :

सनथ जयसूर्या पर आईसीसी भ्रष्टाचार निरोधक संहिता को तोड़ने के दो मामले दर्ज किये है जिसमें उन्हें दो सप्ताह के अंदर जवाब देने के लिए कहा गया है।

दुबई : श्रीलंका के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर सनथ जयसूर्या पर आईसीसी भ्रष्टाचार निरोधक संहिता को तोड़ने के दो मामले दर्ज किये है जिसमें उन्हें दो सप्ताह के अंदर जवाब देने के लिए कहा गया है। आईसीसी ने हालांकि साफ तौर पर यह नहीं बताया कि इस क्रिकेटर के खिलाफ उसने यह मामला क्यों दर्ज किया है।

श्रीलंका को विश्व कप का खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले इस खिलाड़ी ने 445 एकदिवसीय और 110 टेस्ट मैचों में अपने देश का प्रतिनिधित्व किया हैं। जयसूर्या के खिलाफ आईसीसी भ्रष्टाचार निरोधक संहिता के दो उल्लंघनों का मामला दर्ज किया गया है। जयसूर्या पर धारा 2.4.6 के तहत मामला दर्ज है।

जिसमें भ्रष्टाचार रोधी इकाई (एसीयू) से बिना किसी स्पष्टीकरण के जांच में सहयोग नहीं करने के अलावा उससे जुड़ी दस्तावेज नहीं मुहैया करना शामिल है। उन्होंने बताया कि जयसूर्या पर दूसरा मामला धारा 2.4.7 के तहत दर्ज है जिसमें जांच के लिए प्रासंगिक साक्ष्य या दस्तावेज और अन्य जानकारी से छेड़छाड़ कर जांच को प्रभावित करना शामिल है।

Desk Team