लाहौर: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने अपने नये एफटीपी की घोषणा कर दी है लेकिन उसमें पाकिस्तान के साथ कोई द्विपक्षीय सीरीज शामिल नहीं किये जाने से नाराज पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने इसे चुनौती देने का फैसला किया है। बीसीसीआई ने सोमवार को दिल्ली में हुई अपनी विशेष आम बैठक (एसजीएम) में वर्ष 2019 से 2023 तक के लिये नये फ्यूचर टूर प्रोग्राम (एफटीपी) की घोषणा की थी जिसमें वह पहले के मुकाबले 81 मैच घरेलू जमीन पर खेलेगा जिसमें दक्षिण अफ्रीका, आस्ट्रेलिया, इंग्लैंड जैसी बड़ी टीमों के साथ भी उसकी द्विपक्षीय सीरीज शामिल है। हालांकि इसमें पाकिस्तान के साथ कोई सीरीज नहीं है।
पाकिस्तान बोर्ड ने बीसीसीआई के इस नये एफटीपी पर असहमति जताते हुये कहा है कि वह तब तक इस नये कार्यक्रम पर हस्ताक्षर नहीं करेगा जब तक कि भारत उसके साथ खेलने पर सहमति न दे दे। पीसीबी ने अपनी इस शिकायत को आईसीसी की विवाद निवारण समिति के समक्ष भेज दिया है। हालांकि पीसीबी की लंबे समय से इस बारे में अपील और भारत के साथ खेलने की काफी कोशिशों के बावजूद भी बीसीसीआई के रूख में कोई परिवर्तन नहीं आया है।
बीसीसीआई के सचिव अमिताभ चौधरी ने एसजीएम में भी इस मसले को उठाते हुये कहा कि भारत आईसीसी की प्रतियोगिताओं के अलावा पाकिस्तान के साथ अलग से क्रिकेट नहीं खेलेगा। यह ऐसा मसला है जिसके लिये कई और परिस्थतियां काम करती हैं ऐसे में इस बारे में और कुछ नहीं कहा जा सकता है।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



