भारतीय चयनकर्ता गुरूवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच वनडे मैचों की सीरीज के लिये राष्ट्रीय टीम का चयन करने उतरेंगे जिसमें टेस्ट विकेटकीपर रिषभ पंत को बतौर बल्लेबाज टीम में शामिल करने को लेकर सभी की निगाहें होंगी।
भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच वनडे मैचों की सीरीज 21 अक्टूबर से शुरू होगी जिसका पहला मैच गुवाहाटी में खेला जाना है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड(बीसीसीआई) में एमएसके प्रसाद की अध्यक्षता वाली पांच सदस्यीय चयन समिति में देवांग गांधी, शरणदीप सिंह, जतिन परांजपे और गगन खोड़ शामिल हैं।
महेंद्र सिंह धोनी के विकेटकीपर के रूप में वनडे टीम में खेलना तय है ऐसे में पंत को बतौर बल्लेबाज राष्ट्रीय टीम में जगह दी जा सकती है। हालांकि पंत को यदि टीम में मौका दिया गया तो दिनेश कार्तिक को बाहर बैठना पड़ सकता है।
कार्तिक का इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के दो टेस्टों में प्रदर्शन निराशाजनक रहा था जबकि एशिया कप में पंत ने प्रभावित किया था। वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज से वापसी करने वाले नियमित कप्तान विराट कोहली को संभवत: वनडे सीरीज में आराम दिया जा सकता है।
विराट को कलाई में चोट है और वह एशिया कप में भी नहीं खेले थे, ऐसे में उपकप्तान रोहित शर्मा को एक बार फिर कप्तानी का जिम्मा सौंपा जा सकता है। वैसे भी भारतीय टीम की निगाहें फिलहाल आस्ट्रेलिया दौरे पर हैं और विराट अहम सीरीज से पहले पूरी तरह फिट होना चाहेंगे।
विराट के बाहर रहने और केदार जाधव के हैमस्ट्रिंग चोट के कारण बाहर होने की स्थिति में अंबाटी रायुडू को टीम में जगह मिलना तय माना जा रहा है। इसके अलावा तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार और जसप्रीत बुमराह की भी वापसी की उम्मीद है। दोनें गेंदबाजों को विंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज में आराम दिया गया है।


Download Android App
Download iOS App









