नई दिल्ली : भारत के मुख्य कोच रवि शास्त्री ने कहा कि विश्व कप के लिये भारत की तरकश में काफी तीर है जिससे स्पष्ट हो गया कि हालात के अनुरूप टीम संयोजन तय किया जायेगा। विजय शंकर के चुने जाने पर माना जा रहा था कि तमिलनाडु का यह हरफनमौला चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करेगा लेकिन शास्त्री ने कहा कि किसी भी खिलाड़ी का क्रम तय नहीं है। उन्होंने कहा कि हमारी टीम में लचीलापन है। जरूरत के हिसाब से तय होगा। हमारी तरकश में काफी तीर है।
हमारे पास कई खिलाड़ी हैं जो चौथे नंबर पर उतर सकते हैं। मुझे उसकी चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि हमारे 15 खिलाड़ी कभी भी, कहीं भी खेल सकते हैं। अगर कोई तेज गेंदबाज घायल है तो उसका विकल्प भी मौजूद है। आईसीसी विश्व कप 30 मई से 14 जुलाई तक इंग्लैंड में खेला जायेगा। हरफनमौला केदार जाधव को आईपीएल के दौरान कलाई में चोट लगी जबकि कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव फार्म में नहीं है लेकिन कोच ने कहा कि वह इसे लेकर चिंतित नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि मैं इससे चिंतित नहीं हूं । जब हम 22 को उड़ान भरेंगे तो देखेंगे कि उसमें कौन 15 खिलाड़ी हैं । केदार को फ्रेक्चर नहीं हुआ है । हम इंतजार कर रहे हैं क्योंकि अभी काफी समय है। शास्त्री ने कहा कि विश्व कप के लिये कोई पहले से रणनीति नहीं बना सकता और तैयारी के लिये चार साल का समय रहता है। उन्होंने कहा कि ऐसे बड़े टूर्नामेंट में जरूरत के हिसाब से चीजें तय होती है।


Download Android App
Download iOS App



