Washington Sundar Ruled Out: वडोदरा में खेले गए पहले वनडे में भारत ने न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराकर सीरीज की शानदार शुरुआत की, लेकिन राजकोट में होने वाले दूसरे वनडे से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। स्टार ऑलराउंडर Washington Sundar फिटनेस कारणों से सीरीज के बाकी दो मुकाबलों से बाहर हो गए हैं।
पहले वनडे के दौरान गेंदबाजी करते वक्त सुंदर चोटिल हो गए थे। उन्होंने 5 ओवर डालने के बाद मैदान छोड़ा और उनकी जगह ध्रुव जुरेल सब्स्टीट्यूट फील्डर के तौर पर उतरे। बाद में उनका स्कैन कराया गया, जिसमें रिब में दर्द की पुष्टि हुई। इसी वजह से टीम मैनेजमेंट ने उन्हें आगे के मैचों में जोखिम में न डालने का फैसला लिया है।
Washington Sundar Ruled Out: चोटिल होने के बावजूद की बल्लेबाजी

हालांकि, मैच के दौरान हालात ऐसे बने कि सुंदर को बल्लेबाजी के लिए उतरना पड़ा। लक्ष्य का पीछा करते वक्त भारत ने आखिरी ओवरों में तेजी से विकेट गंवाए और मुकाबला रोमांचक हो गया। सुंदर ने 7 गेंदों में 7 रन बनाए, लेकिन रन लेते समय वह असहज नजर आए। आखिर में केएल राहुल ने संयम दिखाते हुए भारत को जीत दिलाई और टीम ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली।

यह झटका इसलिए भी बड़ा माना जा रहा है क्योंकि ICC Men’s T20 World Cup की शुरुआत 7 फरवरी 2026 से होने जा रही है। ऐसे में सुंदर की चोट टीम इंडिया के लिए चिंता बढ़ाने वाली है, खासकर तब जब वह व्हाइट-बॉल सेटअप में अहम भूमिका निभाते हैं। इसके अलावा तिलक वर्मा की भी हाल ही में सर्जरी हुई है और वो भी टीम से बाहर चल रहे हैं।
ऐसा रहा मैच का हाल

मैच की बात करें तो विराट कोहली ने एक बार फिर अपनी क्लास दिखाई और 93 रनों की बेहतरीन पारी खेली, हालांकि वह अपने 54वें ODI शतक से चूक गए। कप्तान शुभमन गिल ने भी 56 रन जोड़कर मजबूत योगदान दिया। 301 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत एक समय पूरी तरह नियंत्रण में दिख रहा था, लेकिन 40वें ओवर में कोहली के आउट होते ही विकेट गिरने लगे।
अंत में केएल राहुल (29*) और हर्षित राणा (29) ने 37 रनों की अहम साझेदारी कर टीम को जीत की दहलीज पर पहुंचाया। अब सबकी नजरें राजकोट वनडे पर होंगी, जहां भारत सीरीज में जीत निश्चित करना चाहेगा, वहीं वॉशिंगटन सुंदर की फिटनेस पर अपडेट का इंतजार भी बना रहेगा।


Download Android App
Download iOS App




