दोहा : अमेरिका की दालियाह मुहम्मद ने यहां जारी विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में महिलाओं की 400 मीटर बाधा दौड़ स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। उन्होंने यह स्वर्ण विश्व रिकॉर्ड के साथ अपने नाम किया। दालियाह ने 52.16 सेकेंड का समय निकाल स्वर्ण जीता।
दूसरे स्थान पर उनकी हमवतन 20 साल की सिडनी मैक्लॉफलिन रही जिन्होंने 52.23 सेकेंड के साथ रजत जीता। जमैका की रशेल क्लेटन के हिस्से कांस्य पदक आया। आईएएएफ की वेबसाइट ने दालियाह के हवाले से लिखा, मेरे लिए इसके काफी मायने हैं। इसे बयां करना मुश्किल है। मैं सिर्फ विश्व खिताब चाहती थी, लेकिन साथ ही विश्व रिकॉर्ड तोड़ना, मेरे लिए शानदार है।
उन्होंने कहा कि मैंने शुरुआत से अपना सब कुछ लगाने का फैसला किया। मुझे लगा कि सिडनी नौवीं हर्डल पर मेरे से आगे आ रही है। तब मैंने और मेहनत की। इसी साल जुलाई में हुई अमेरिकी चैम्पियनशिप में दालियाह ने 2003 में स्थापित किए गए 52.34 के विश्व रिकॉर्ड को बेहतर किया था। उन्होंने 52.20 सेकेंड का समय निकाला था।


Download Android App
Download iOS App



