भारत के पहले दिन-रात्रि टेस्ट की उलटी गिनती शुरू हो गई है और रविवार को यहां बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने इस मैच के आधिकारिक शुभंकर ‘पिंकू-टिंकू’ को अनावरण किया। गांगुली ने ईडन गार्डन्स पर मैच की टिकट और शुभंकर के साथ तस्वीरें खिंचवाईं। ईडन गार्डन्स पर इस मौके पर एक विशाल गुलाबी गुब्बारा भी उड़ाया गया जो भारत और बांग्लादेश के बीच एतिहासिक टेस्ट के अंत तक आसमान में लहराता दिखेता।
शहर के महत्वपूर्ण स्थलों शाहिद मीनार, सबसे ऊंची इमारत ‘42’ और कोलकाता नगर निगम के कुछ पार्क भी गुलाबी लाइटों से जगमगाएंगे। हुगली नदी में जगमगाती गुलाबी गेंद वाली नाव को भी देखा गया। यह मैच के दिन 22 नवंबर तक प्रत्येक शाम एतिहासिक हावड़ा ब्रिज और विद्यासागर सेतु के बीच चलेगी।
टाटा स्टील बिल्डिंग की 20 नवंबर से ‘थ्री डी मैपिंग’ की जाएगी जबकि मिएजर्स क्लब पहले ही रात में गुलाबी रंग में जगमगा रहा है और अन्य कुछ इमारतों के भी ऐसा करने की उम्मीद है। बंगाल क्रिकेट संघ ने बयान में कहा कि लोगों के बीच इस मैच को लेकर जागरूकता के लिए शहर में एक दर्जन होर्डिंग, छह एलईडी बोर्ड लगाने के अलावा सोमवार से ब्रांडेड बसें भी दिखेंगी।


Download Android App
Download iOS App



