दोहा : दीपक कुमार ने 14वीं एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप में मंगलवार को अपने जन्मदिन पर पुरुषों की दस मीटर एयर राइफल में कांस्य पदक जीतकर भारत के लिये तोक्यो ओलंपिक का दसवां कोटा भी हासिल किया। जकार्ता एशियाई खेलों के रजत पदक विजेता दीपक ने टूर्नामेंट के पहले दिन फाइनल में 227.8 अंक बनाये और तीसरे स्थान पर रहे। इससे उन्होंने तोक्यो 2020 के लिये कोटा भी हासिल किया।
मंगलवार को 32वां जन्मदिन मना रहे दीपक ने लुसैल निशानेबाजी परिसर में तीसरे स्थान पर रहकर क्वालीफाई किया था। उन्होंने 103.1, 104.8, 104.6, 105.0 105.6, 103.7 के साथ क्वालीफाईंग में कुल 626.8 अंक बनाकर तीसरे स्थान पर रहकर आठ खिलाड़ियों के फाइनल में प्रवेश किया था। पिछले साल गुआडलाजारा आईएसएसएफ विश्व कप में कांस्य पदक जीतने वाले दीपक ने फाइनल में 8.9 अंक से शुरुआत की लेकिन इसके बाद उन्होंने लगातार नौ स्कोर दस या इससे अधिक अंक के बनाये और तीसरे स्थान पर रहे।
इस तरह से उन्होंने प्रतियोगिता के पहले दिन ही पदक और ओलंपिक कोटा भारत को दिलाया। दीपक पुरुषों की दस मीटर एयर राइफल स्पर्धा में ओलंपिक कोटा हासिल करने वाले दूसरे भारतीय निशानेबाज हैं। उनसे पहले दिव्यांश सिंह पंवार ने अप्रैल में कोटा हासिल किया था। चीन के युकुन लियु (250.5) ने स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने अपने सभी प्रयासों में दस या इससे अधिक अंक बनाये।


Download Android App
Download iOS App



