World cup 2019: आईसीसी ने पूछा- धोनी या सरफराज किसका कैच था बेहतर, फैंस ने किए ऐसे कमैंट्स

Summary :

आईसीसी ने शुक्रवार को महेंद्र सिंह धोनी और सरफराज अहमद की वीडियो शेयर करके सवाल पूछा है कि दोनों में से बेहतर कौन है।

आईसीसी ने शुक्रवार को महेंद्र सिंह धोनी और सरफराज अहमद की वीडियो शेयर करके सवाल पूछा है कि दोनों में से बेहतर कौन है। बीते गुरुवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले गए मैच में कार्लोस ब्रेथवेट का कैच धोनी ने हवा में उड़ते हुए पकड़ा है। धोनी की ही तरह पाक टीम के कप्तान सरफराज अहमद ने न्यूजीलैंड के खिलाफ हवा में उड़ते हुए कैच पकड़ा था। 

बेहतरीन कैच पकड़ा धोनी ने

विश्व कप 2019 के 34वें मैच में भारतीय टीम के अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी ने वेस्टइंडीज के खिलाफ एक शानदार कैच पकड़ा है। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह वेस्टइंडीज की पारी में 27वां ओवर डाल रहे थे। 


उस ओवर में क्रीज पर ब्रेथवेट बल्लेबाजी कर रहे थे। इस ओवर में ब्रेथवेट को बुमराह ने एक जबदरस्त गेंद फेंकी जो उनकी समझ में नहीं आई और वह बल्ले के बाहरी किनारे से लगती हुई विकेटकीपर के साथ सैकेंड स्लिप की तरफ चली गई।

 

उस कैच को पकड़ने के लिए विकेटकीपिंग कर रहे धोनी ने डाइव लगाई और कैच लपक लिया। इस कैच को पकड़ते दौरान धाेनी एक समय में हवा में पूरी तरह से थे। धोनी ने कई बार ऐसे कैच पकड़े हैं और यह कैच बहुत समय बाद धोनी ने पकड़ा है जिसकी वजह से सोश्‍ल मीडिया पर यह खूब वायरल हो रहा है। 

ऐसा कारनामा सरफराज ने भी किया था

बीते बुधवार को पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच मैच खेला गया था और इस मैच को पाकिस्तान ने 6 विकेट से जीत लिया था। इस मैच में ही सरफराज अहमद ने धोनी जैसा कैच पकड़ा था। दरअसल न्यूजीलैंड की पारी के 9वें ओवर की अंतिम गेंद पर तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी ने न्यूजीलैंड के बल्लेबाज रॉस टेलर को आउट किया था।

 

रॉस टेलर के बल्ले के बाहरी किनारे से गेंद विकेटकीपर के साथ सेकेंड स्लिप पर चली गई और सरफराज ने डाइव मार कर इस कैच को पकड़ा। सरफराज ने यह कैच इतने शानदार तरीके से पकड़ा जिसके बाद से सोशल मीडिया पर हर कोई उनकी तारीफ कर रहा है। 

यूजर्स ने ऐसे दी सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रियाएं-

आईसीसी के इस ट्वीट पर कई क्रिकेट फैन्स ने अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर इन दोनों कैच का पोल किया जा रहा है और फैन्स यह जानना चाहते हैं कि कौन सा कैच सबसे बेहतर है। भारतीय फैन्स ने धोनी के कैच को सबसे ऊपर रखा है तो वहीं पाकिस्तान फैन्स भी अपने कप्तान का खूब समर्थन कर रहे हैं।

Desk Team