दिनेश कार्तिक की वैक्सीन लगाने वाली तस्वीर पर क्रिस लिन ने ऐसे ली चुटकी, तो क्रिकेटर ने दिया दिलचस्प जवाब

Summary :

कोरोना वायरस की दूसरी लहर में देशभर में हाहाकार मचा के रखा हुआ है। ऐसे में अब इस वायरस से छुटकारा पाने के लिए एक मात्र सहारा वैक्सीन है

कोरोना वायरस की दूसरी लहर में देशभर में हाहाकार मचा के रखा हुआ है। ऐसे में अब इस वायरस से छुटकारा पाने के लिए एक मात्र सहारा वैक्सीन है,जिसके लिए  क्रिकेटर दिनेश कार्तिक बीती रोज यानि मंगलवार को कोविड-19 की वैक्सीन का पहला रोज लेने पहुंचे। अब वैक्सीन का पहला डोज लेने के बाद केकेआर के उनके साथी खिलाड़ी क्रिस लिन ने सोशल मीडिया पर दिनेश कार्तिक से मजे लिए तो विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक को खास अंदाज में जवाब दिया। 
 
दरअसल वैक्सीन की पहली डोज लेते हुए दिनेश कार्तिक ने इसकी तस्वीर अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर की जिसमें नर्स उन्हें वैक्सीन लगाते हुए नजर आ रही है। वैक्सीन लगाते समय कार्तिक कैजुअल टी शर्ट और ट्राउजर पहने हुए थे। कार्तिक की इस तस्वीर को देख ऑस्ट्रेलियाई ओपनर क्रिस लिन ने उन्हें ट्रोल करने की कोशिश की। दिनेश कार्तिक की वैक्सीन लेते हुए तस्वीर पर लिन ने लिखा कि, ‘कम से कम पैंट तो पहन लेते’। दरअसल कार्तिक ने जॉगर्स पहन रखा था,इसपर ही क्रिस लिन ने उनकी टांग खिंचाई की। 

इस पर कार्तिक ने जवाब दिया कि मैं आपकी तरह शॉर्ट्स के बारे में सोच रहा था। फिर मुझे यह अहसास हुआ कि मैं मालदीव में नहीं हूं, इसलिए ये पहनी।

बता दें, कि कार्तिक से पहले विराट कोहली, इशांत शर्मा, शिखर धवन, उमेश यादव जैसे खिलाड़ियों ने कोरोना वैक्सीन की पहली डोज ली है और तस्वीर को शेयर कर दूसरे लोगों को वैक्सीन जल्द से जल्द लेने की अपील भी की है। मालूम हो आईपीएल 2021 के बायो बबल में सबसे पहले केकेआर टीम के वरुण चक्रवर्ती और संदीप वारियर कोरोना संक्रमित पाए गए थे। इसके बाद 4 मई को बीसीसीआई ने आईपीएल 14 को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया।
आईपीएल 2021 में हिस्सा ले रहे ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ी इस समय मालदीव में क्वारंटीन में अपना समय पूरा कर रहे हैं। वहां से 15 मई के बाद ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर अपने देश रवाना होंगे।दरअसल ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने 15 मई तक भारत से आने वाली सभी फ्लाइटों को बैन कर रखा है।
बता दें, आईपीएल के 14वें सीजन का फाइनल मुकाबला 30 मई को खेला जाना था। 52 दिनों का चलने वाले इस महा टूर्नामेंट में 60 मैच खेले जाने थे,जबकि 31 मैच अभी और खेलने बाकि हैं। बीसीसीआई इन सभी मैचों को भारत से बाहर कराने के बारे में सोच रहा है। खबर है कि बीसीसीआई इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड से इसके लिए मदद ले सकती है। 

Desk Team