मोहन बागान सुपर जायंट ने रोमांच से भरपूर सेमीफाइनल में गत चैंपियन नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी को पेनल्टी शूटआउट में 4-3 से हराकर 135वें डूरंड कप के फाइनल में जगह बना ली है। जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में निर्धारित 90 मिनट तक दोनों टीमें गोल करने में नाकाम रहीं। अब 23 अगस्त को डूरंड कप के फाइनल में एक बार फिर कोलकाता डर्बी देखने को मिलेगा। खिताबी मुकाबले में मोहन बागान का सामना ईस्ट बंगाल से होगा। ईस्ट बंगाल ने बुधवार को एससी दिल्ली को पेनल्टी शूटआउट में 5-3 से मात देकर फाइनल का टिकट हासिल किया था।
Durand Cup Updates: बारिश के कारण मुश्किल हुआ मुकाबला
मैच के दौरान बारिश के कारण मैदान काफी गीला हो गया था, जिसका असर दोनों टीमों के खेल पर साफ नजर आया। इसी वजह से खिलाड़ियों को गेंद पर कंट्रोल बनाने में परेशानी हुई और शुरुआती दौर में दोनों टीमों ने लंबे पास के जरिए अटैक करने की कोशिश की।
पहले हाफ में मोहन बागान के लिस्टन कोलासो की फ्री-किक पर नॉर्थईस्ट यूनाइटेड के गोलकीपर गुरमीत सिंह ने शानदार बचाव किया। वहीं नॉर्थईस्ट के अलाउद्दीन अजारेई का वॉली शॉट थोड़े अंतर से गोल पोस्ट से बाहर चला गया। दूसरे हाफ में भी नॉर्थईस्ट यूनाइटेड ने कुछ अच्छे मौके बनाए, लेकिन उन्हें गोल में नहीं बदल सकी। अजारेई और एथियन गोंजालेज की कोशिश भी टारगेट से चूक गई और मुकाबला गोल के बिना ही खत्म हुआ।
विशाल कैथ ने बचाई दो पेनल्टी

90 मिनट के बाद मुकाबला पेनल्टी शूटआउट में पहुंचा। जिस वजह से शुरुआत में दोनों टीमों ने अपनी पहली तीन-तीन पेनल्टी को गोल में बदल दिया। इसके बाद मोहन बागान के गोलकीपर विशाल कैथ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मैच का रुख अपनी टीम के फेवर में मोड़ दिया। वहीं नॉर्थईस्ट यूनाइटेड के रॉबिन यादव की चौथी पेनल्टी कैथ ने रोक दी। इसके बाद जेमी मैकलारेन ने मोहन बागान को बढ़त दिलाई। फिर कैथ ने पार्थिब गोगोई की पेनल्टी भी बचा ली और मोहन बागान की जीत पक्की कर दी।
इस जीत के साथ मोहन बागान अब डूरंड कप के 18वें खिताब की तलाश में ईस्ट बंगाल के सामने उतरेगा। 23 अगस्त को होने वाला यह फाइनल मुकाबला एक बार फिर कोलकाता के दो बड़े फुटबॉल क्लबों के बीच रोमांचक डर्बी का गवाह बनेगा।



Download Android App
Download iOS App




