भुवनेश्वर: गत चैम्पियन आस्ट्रेलिया ने अपनी ख्याति के अनुरूप प्रदर्शन करते हुए जर्मनी को 3-0 से हराकर हॉकी विश्व लीग फाइनल में प्रवेश कर लिया जहां उसका सामना रियो ओलंपिक चैम्पियन अर्जेंटीना से होगा। वहीं जर्मन टीम मेजबान भारत से खेलेगी जिसे कल वर्षाबाधित सेमीफाइनल में अर्जेंटीना ने एक गोल से हराया था। लीग चरण में जर्मनी ने भारत को 2 0 से मात दी थी। बेहतर मौसम में आज कलिंगा स्टेडियम पर खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में आस्ट्रेलियाई आक्रामकता का मुकाबला जर्मनी से था लेकिन पूरे मैच में जर्मन टीम लय में नहीं दिखी। पहले दो क्वार्टर गोलरहित रहने के बाद आस्ट्रेलिया ने तीसरे और चौथे क्वार्टर में गोल दागे।
पहला गोल 42वें मिनट में डायलन वोदरस्पून ने किया जबकि जेरेमी हैवर्ड ने पांच मिनट बाद मिले पेनल्टी कार्नर को गोल में बदलकर बढत दुगुनी कर दी। आखिरी मिनट में आरान जालेवस्की ने एक और गोल करके टीम को 3 0 से जीत दिलाई। इससे पहले शुरूआती क्वार्टर में दोनों टीमों को मिले एक एक पेनल्टी कार्नर बेकार गए। दूसरे क्वार्टर में दुनिया की पांचवें नंबर की टीम जर्मनी को एक और पेनल्टी कार्नर मिला जिस पर गोल नहीं हो सका। चौथे क्वार्टर में उसे 51वें और 56वें मिनट में मिले पेनल्टी कार्नर भी बेकार गए। इस मैच से पहले क्लासीफिकेशन मैच में बेल्जियम ने स्पेन को एक गोल से हराया।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



