न्यूजीलैंड के सबसे अनुभवी बल्लेबाज रॉस टेलर अपने देश के लिए क्रिकेट के तीनों प्रारूपों में 100-100 मैच खेलने वाले पहले खिलाड़ी बनने के काफी करीब हैं। टेलर ने कहा है कि अभी तक उन्होंने अपने करियर में जो कुछ भी हासिल किया है उससे वो काफी खुश हैं। टेलर ने 2006 में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। वह अपने देश के लिए 99 टेस्ट, 231 वनडे और 100 टी-20 मैच खेल चुके हैं। वह भारत के खिलाफ 21 फरवरी को वेलिंग्टन में अपना 100वां टेस्ट मैच खेलने उतरेंगे।
टेलर ने कहा कि मैंने अपने करियर में अभी तक जो हासिल किया है उससे मैं काफी खुश हूं। मुझे लगता है कि मैं वो कर रहा हूं जो मैं करना चाहता था। मैं हमेशा से न्यूजीलैंड के लिए खेलना चाहता था। टेलर ने कहा कि उनके परिवार ने हमेशा उनका साथ दिया है और इसी कारण वह अभी तक का सफर तय कर सके हैं।
उन्होंने कहा, मेरे दिल में वेलिंग्टन का विशेष स्थान है। परिवार का समर्थन होना भी खास है। मेरी पत्नी ने तीन बच्चे खुद के दम पर पाले हैं। मेरे बच्चे जानते हैं कि उनके पिता क्या करते हैं। आप चाहे कितने भी रन कर लो अंत में आपका परिवार आपके साथ रहता है। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने कहा, मेरे परिवार ने काफी कुछ कुर्बान किया है। मेरे बच्चों ने कई शानदार जगहों को देखा है और मेरी बेटी भारत जाना चाहती है।
टेलर ने अपने देश के लिए 17,000 से ज्यादा अंतर्राष्ट्रीय रन बनाए हैं।


Download Android App
Download iOS App



