नई दिल्ली : भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने खुलासा किया कि वेस्टइंडीज में विश्व टी20 के बाद उत्पन्न हुए विवाद के कारण वह खेल से अनिश्चित ब्रेक लेना चाहती थीं। टीम प्रबंधन और हरमनप्रीत ने उप विजेता रही इंग्लैंड के खिलाफ अपनी सीनियर खिलाड़ी मिताली राज को अंतिम एकादश से बाहर करने का फैसला लिया था जिसके बाद काफी बड़ा विवाद खड़ा हो गया था। इसके बाद कोच रमेश पोवार को भी बाहर कर दिया गया था।
हरमनप्रीत विश्व टी20 के बाद नवंबर में महिलाओं की बिग बैश लीग में खेली थीं लेकिन स्वदेश में टीम में हो रही हलचल और उनके वनडे कप्तान मिताली के साथ बिगड़े रिश्ते से चीजें और खराब हो गयीं। वह इन चीजों से परेशान हो गयी थीं और नये कोच डब्ल्यू वी रमन के मार्गदर्शन में न्यूजीलैंड का दौरा शुरू हुआ। फिर हरमनप्रीत के टखने में चोट लग गयी जिससे उन्हें जरूरी ब्रेक मिल गया।
हरमनप्रीत ने ईएसपीएन क्रिकइंफो से कहा कि चोट ने मुझे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और भारतीय ड्रेसिंग रूम से जरूरी ब्रेक दिला दिया। मैंने अपना पूरा मन बना लिया था कि मैं अपने माता पिता को बताऊंगी कि मैं ब्रेक लेना चाहती हूं। मैं सीनियर खिलाड़ी हूं, सिर्फ इसलिय मैं भारतीय टीम में अपना स्थान नहीं लेना चाहती थी।
उन्होंने कहा कि मैं क्रिकेट से दूर जाना चाहती थी। टीम के साथ जो हुआ और कुछ चीजें ऐसी कही गयीं जो सच्चाई से कोसों दूर थीं जिससे मैं इन सबसे दूर भागना चाहती थी। मैं यहां क्रिकेट खेलने के लिये हूं।


Download Android App
Download iOS App



