मस्कट : हरमनप्रीत सिंह की हैट्रिक की मदद से गत चैम्पियन भारत ने दक्षिण कोरिया को 4-1 से हराकर हीरो एशियाई चैम्पियंस ट्राफी के राउंड राबिन दौर में अपना अपराजेय अभियान बरकरार रखा। हरमनप्रीत ने बुधवार देर रात हुए मुकाबले में भारत के लिये पांचवें मिनट में पहला गोल किया । इसके बाद 47वें और 59वें मिनट में दो और गोल करके भारत की बढत मजबूत की। उन्होंने टूर्नामेंट की तीसरी है्ट्रिक लगाई। इससे पहले भारत के दिलप्रीत सिंह और पाकिस्तान के अलीम बिलाल ने टूर्नामेंट में हैट्रिक लगाई है।
भारत के लिये गुरजंत सिंह ने भी 10वें मिनट में गोल दागा। दक्षिण कोरिया के लिये ली सिउनजिल ने 20वें मिनट में फील्ड गोल किया। भारत के पांच मैचों में 13 अंक रहे और गोल अंतर 25 का रहा। मलेशिया चार मैचों में दस अंक लेकर दूसरे और पाकिस्तान तीसरे स्थान पर रहा। जापान के चार मैचों में चार अंक रहे। भारत, मलेशिया, पाकिस्तान और जापान पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुके हैं लेकिन अंकतालिका का निर्धारण गुरूवार को मलेशिया, पाकिस्तान और जापान के आखिरी मैच के बाद होगा।
मलेशिया से गोलरहित ड्रा खेलने के बाद भारत ने आक्रामक शुरूआत की। पहले कुछ मिनट में भारतीयों ने गेंद पर नियंत्रण बनाये रखा और पांचवें मिनट में पहला पेनल्टी कार्नर बनाया। इसे हरमनप्रीत ने गोल में बदला। इसके बाद दक्षिण कोरिया ने जवाबी हमले बोले और अपना डिफेंस भी मजबूत किया। दुनिया की पांचवें नंबर की टीम भारत ने जवाबी हमले पर अपनी बढत दुगुनी की।


Download Android App
Download iOS App



