हिमा दास ने एक हफ्ते में दूसरा स्वर्ण पदक जीता

Summary :

हिमा दास ने पोलैंड में कुटनो एथलेटिक्स मीट में महिलाओं की 200 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता जो एक सप्ताह में उनका दूसरा स्वर्ण है।

नई दिल्ली : भारत की स्टार फर्राटा धाविका हिमा दास ने पोलैंड में कुटनो एथलेटिक्स मीट में महिलाओं की 200 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता जो एक सप्ताह में उनका दूसरा स्वर्ण है। पिछले कुछ महीने से कमर के दर्द से जूझ रही हिमा ने 23.97 सेकंड का समय निकाला जबकि वी के विस्मया को रजत पदक मिला। राष्ट्रीय रिकार्डधारी मोहम्मद अनस ने पुरूषों की 200 मीटर दौड़ में 21.18 सेकंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक जीता। 
हिमा ने मंगलवार को पोलैंड में ही पोजनान एथलेटिक्स ग्रां प्री में पीला तमगा जीता था। विस्मया अपना निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन (23.75 सेकंड) करके तीसरे स्थान पर रही थी। हिमा मौजूदा विश्व जूनियर चैम्पियन और 400 मीटर में राष्ट्रीय रिकार्डधारी है। एम पी जबीर ने पुरूषों की 400 मीटर बाधा दौड़ में रजत पदक जीता जबकि जितिन पाल को कांस्य पदक मिला। महिलाओं की 400 मीटर दौड़ में भारत की पी सरिताबेन, सोनिया बैस्या और आर विद्या ने क्रमश: पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया।

Desk Team