Junior Asia Cup में भारत का दमदार प्रदर्शन, दक्षिण कोरिया को हराकर सेमीफाइनल में लगभग जगह की पक्की

Summary :

भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने एएचएफ जूनियर एशिया कप 2026 में दक्षिण कोरिया को 7-3 से हराकर पूल ए में अपनी स्थिति मजबूत कर ली। कप्तान अनमोल एक्का ने दो गोल किए, जबकि आखिरी क्वार्टर में भारत ने तीन गोल दागकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ भारत के सात अंक हो गए हैं और बुधवार को चीनी ताइपे के खिलाफ जीत दर्ज करते ही टीम सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी।

भारतीय जूनियर मेन्स हॉकी टीम ने एएचएफ जूनियर एशिया कप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए दक्षिण कोरिया को 7-3 से मात दे दी है। मंगलवार को खेले गए इस मुकाबले में जीत दर्ज करने के साथ ही भारतीय टीम ने पूल ए में अपनी सिचुएशन और मजबूत कर ली है। तीन मैचों में भारत के अब सात प्वाइंट्स हो गए हैं और टीम सेमीफाइनल में जगह बनाने के बेहद करीब पहुंच गई है।

Junior Asia Cup India Vs South Korea: पहले तीन क्वार्टर में कांटे की टक्कर

Junior Asia Cup India Vs South Korea
Junior Asia Cup India Vs South Korea (Source: Google)

भारत और दक्षिण कोरिया के बीच मुकाबले की शुरुआत से ही कड़ा कॉम्पटीशन देखने को मिला। भारत ने पांचवें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलते हुए बढ़त बनाई। अनमोल ने यह गोल किया, लेकिन अगले ही मिनट डोह्योन चोई ने दक्षिण कोरिया को बराबरी दिला दी। दूसरे क्वार्टर में भी दोनों टीमों के बीच जबरदस्त मुकाबला जारी रहा। 18वें मिनट में लवनूर सिंह ने फील्ड गोल कर के भारत को 2-1 से आगे किया, लेकिन कोरियाई टीम ने एक मिनट के अंदर ही ह्योगुक यू के गोल की बदौलत फिर स्कोर बराबर कर दिया। इसके बाद अजीत यादव ने 20वें मिनट में गोल कर भारत को 3-2 की बढ़त दिलाई और टीम इसी स्कोर के साथ हाफ टाइम तक आगे रही।

कोरिया ने फिर की बराबरी

Junior hockey South Korea Performance
Junior hockey South Korea Performance (Source: Google)

दूसरे हाफ में दक्षिण कोरिया ने आक्रामक रुख अपनाया और भारतीय डिफेंस पर लगातार दबाव बनाया। ह्योगुक यू ने तीसरे क्वार्टर के छठे मिनट में अपना दूसरा गोल करते हुए स्कोर 3-3 कर दिया। इसके बाद मुकाबला एक बार फिर रोमांचक हो गया। हालांकि तीसरे क्वार्टर के आखिरी दौर में भारत ने महत्वपूर्ण बढ़त हासिल कर ली। प्रभदीप सिंह ने 42वें मिनट में गोल करते हुए भारत को 4-3 से आगे कर दिया।

आखिरी क्वार्टर में भारत ने पलटा मैच

India vs South Korea In Last Quarter
India vs South Korea In Last Quarter (Source: Google)

हालांकि चौथे क्वार्टर की शुरुआत में दोनों टीमों ने लगातार हमले किए, लेकिन मुकाबले के आखरी मिनटों में भारतीय खिलाड़ियों ने पूरी तरह दबदबा बना लिया। भारत ने महज कुछ ही मिनटों में तीन गोल दागकर दक्षिण कोरिया की वापसी करने की सभी उम्मीदें खत्म कर दीं। वहीं 55वें मिनट में गुरसेवक सिंह ने भारत की बढ़त 5-3 कर दी। इसके ठीक एक मिनट बाद कप्तान और स्टार ड्रैगफ्लिकर अनमोल ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलते हुए स्कोर 6-3 कर दिया। इसके बाद 58वें मिनट में आर्यन जेस ने सातवां गोल दागकर भारत की 7-3 से जीत पक्की कर दी।

अनमोल एक्का का शानदार प्रदर्शन

Anmol Ekka Performance In Junior hockey
Anmol Ekka Performance In Junior hockey (Source: Google)

भारत की जीत में कप्तान अनमोल एक्का का रोल बेहद अहम रहा। उन्होंने मुकाबले में दो गोल किए और टूर्नामेंट में उनके कुल गोल अब आठ हो गए है। उनके शानदार प्रदर्शन से भारतीय टीम की आक्रामक ताकत और मजबूत हुई है। इस जीत के साथ भारत के तीन मैचों में सात प्वाइंट्स हो गए हैं, जबकि दक्षिण कोरिया के खाते में छह प्वाइंट्स हैं। कोरियाई टीम अब अपने अगले मुकाबले में जापान से भिड़ेगी।

सेमीफाइनल से बस एक जीत दूर भारत

Indian Team in Semi Final
Indian Team in Semi Final (Source: Google)

भारतीय टीम अब सेमीफाइनल में जगह बनाने के बेहद करीब है। टीम का अगला मुकाबला बुधवार को चीनी ताइपे के खिलाफ होगा। अगर भारत इस मैच में जीत दर्ज कर लेता है, तो वह टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर लेगा। ऐसे में टीम इंडिया की नजर अब लगातार दूसरी जीत के साथ टॉप 4 में एंट्री करने पर होगी।

Read More: Junior Hockey Asia Cup: जापान के खिलाफ भारत का जोरदार कमबैक, कप्तान ने टीम को हार से बचाया

Rishabh Pandey

ऋषभ पांडे पिछले पांच साल से पत्रकारिता के फील्ड में काम कर रहे हैं, उन्होंने अपनी शुरुआत Zee News चैनल से की थी, इसके बाद उन्होंने News 24 में पॉलिटिकल, एंटरटेनमेंट न्यूज और क्राइम से जुड़ी खबरें लिखीं और बतौर प्रोड्यूसर भी एंटरटेनमेंट बीट पर काम किया, अब ऋषभ Punjab Kesari में एंटरटेनमेंट और स्पोर्टस बीट पर बतौर Sub Editor (हिंदी में) काम कर रहे हैं।