भारत का इंग्लैंड के खिलाफ महिला टी-20 विश्व कप का पहला सेमीफाइनल मैच बारिश के कारण रद्द हो गया। बारिश की वजह से मैच रद्द हो जाने के बाद भारतीय टीम ग्रुप चरण में शीर्ष रहने के कारण गुरुवार को पहली बार आईसीसी महिला टी20 विश्व कप फाइनल में जगह बनायी। सुबह से लगातार बारिश के कारण टास नहीं हो पाया और आखिर में सेमीफाइनल मैच बिना गेंद फेंके रद्द करना पड़ा।
इससे भारतीय टीम खिताबी मुकाबले में प्रवेश कर गयी जबकि इंग्लैंड के खेमे में निराशा छा गयी। फाइनल रविवार आठ मार्च को मेलबर्न में खेला जाएगा जिसमें भारत का सामना दक्षिण अफ्रीका या मेजबान आस्ट्रेलिया से होगा। मैच रद्द होने के बाद इंग्लैंड की कप्तान हीथर नाइट ने कहा, ‘‘यह वास्तव में निराशाजनक है। हम इस तरह से विश्व कप का अंत नहीं चाहते थे। मैच के लिये सुरक्षित दिन नहीं है, खेलने का मौका नहीं मिला और आखिर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार हमें महंगी पड़ गयी। ’’
भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भी इसपर सहमति जतायी कि सेमीफाइनल के लिये एक अन्य दिन सुरक्षित होना चाहिए। मेजबान क्रिकेट आस्ट्रेलिया ने ऐसा आग्रह किया था लेकिन आईसीसी ने उसे नामंजूर कर दिया था। हरमनप्रीत ने कहा, ‘‘यह निराशाजनक है कि हम मैच नहीं खेले, लेकिन कुछ नियम हैं जिनका हमें अनुसरण करना होता है। भविष्य में सुरक्षित दिन रखने का विचार अच्छा होगा। ’’ नाइट ने कहा कि उनकी टीम को टूर्नामेंट की अच्छी शुरुआत नहीं करने का खामियाजा भुगतना पड़ा।
उन्होंने कहा, ‘‘इससे हमें सबक मिला कि हमें पहला मैच भी जीतना चाहिए था। टूर्नामेंट की अच्छी शुरुआत नहीं कर पाना चलन बन गया है और इसका हमें नुकसान हुआ। ’’ भारतीय टीम ग्रुप ए से शीर्ष पर रही थी। उसने अपने चारों मैच जीते थे जबकि इंग्लैंड ग्रुप बी में तीन जीत और एक हार से दूसरे स्थान पर रहा था। हरमनप्रीत ने कहा, ‘‘पहले दिन से हम जानते थे कि हमें सभी मैच जीतने होंगे क्योंकि अगर किसी वजह से सेमीफाइनल नहीं हो पाता है तो मुश्किल पैदा हो सकती है। इस लिहाज से श्रेय टीम को जाता है जिसने सभी मैच जीते।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हर कोई बहुत अच्छी फार्म में दिख रहा है। शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने हमें अच्छी शुरुआत दी और इससे हमें मदद मिली। मैं और स्मृति नेट्स पर अधिक समय बिताने की कोशिश कर रहे हैं।’’ हरमनप्रीत ने कहा, ‘‘हम अब अधिक सकारात्मक होकर खेल रहे हैं। दुर्भाग्य से हम बड़ी पारियां नहीं खेल पायी लेकिन हमारी साथियों ने खेली और इसलिए यह ‘टीम गेम’ है। ’’ इंग्लैंड पिछली बार उप विजेता रहा था।
इस दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी ने गंगा में लगाई डुबकी, गंगा स्नान के बताए फायदे
इससे पहले सात अवसरों पर भारत कभी फाइनल में नहीं पहुंच पाया था लेकिन इस बार बेहतरीन प्रदर्शन से वह खिताब का प्रबल दावेदार बन चुका है। भारत ने मौजूदा चैंपियन आस्ट्रेलिया पर जीत से शुरुआत की और इसके बाद बांग्लादेश, न्यूजीलैंड और श्रीलंका को हराकर ग्रुप ए में आठ अंकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया था। दक्षिण अफ्रीका और आस्ट्रेलिया के बीच दूसरा सेमीफाइनल भी अगर बारिश की भेंट चढ़ जाता है तो फिर दक्षिण अफ्रीकी टीम फाइनल में पहुंच जाएगी क्योंकि वह अपने ग्रुप में शीर्ष पर रही थी।


Download Android App
Download iOS App



