भारतीय महिला क्रिकेट टीम को टी20 त्रिकोणीय शृंखला के अहम लीग मैच में इंग्लैंड के खिलाफ अपनी बल्लेबाजी में सुधार करना होगा। आस्ट्रेलिया के खिलाफ पिछले मैच में भारत को चार विकेट से पराजय झेलनी पड़ी जिसमें मध्यक्रम बुरी तरह से नाकाम रहा था। पहले मैच में भारत ने इंग्लैंड को पांच विकेट से हराया था। स्मृति मंधाना (35) और कप्तान हरमनप्रीत कौर (28) को छोड़कर कोई भारतीय बल्लेबाज ज्यादा देर टिक नहीं सका।
भारत ने अपने आखिरी छह विकेट 21 रन के भीतर गंवा दिये थे। भारतीय क्रिकेट का भविष्य कही जा रही शेफाली वर्मा तीन गेंद तक ही टिक सकी जबकि जेमिमा रौद्रिगेज ने 11 गेंद में एक रन बनाया।
भारतीय गेंदबाज जरूर मैच को 19वें ओवर तक ले गए लेकिन उनके पास बचाने के लिये रन ही नहीं थे। आस्ट्रेलिया में 21 फरवरी से शुरू हो रहे टी20 विश्व कप के लिये अहम माने जा रहे इस टूर्नामेंट में सभी तीनों टीमों के दो दो अंक है। हरमनप्रीत ने कहा कि हमारे निचले क्रम को बेहतर बल्लेबाजी करनी होगी, खासकर जब शीर्षक्रम नाकाम रहे। गेंदबाजों का प्रदर्शन अच्छा रहा है। मध्यक्रम की बल्लेबाज वेदा कृष्णामूर्ति से भी बड़ी पारी की उम्मीद है। दूसरी ओर इंग्लैंड ने पिछले मैच में आस्ट्रेलिया को सुपर ओवर में हराया । दोनों मैचों में उसकी बल्लेबाजी अच्छी रही है ।


Download Android App
Download iOS App



