INDvsNZ – एजाज पटेल ने शानदार खेल से भारतीय टीम को बनाया अपना फैन

Summary :

मुंबई टेस्ट का दूसरा दिन एजाज पटेल के ऐतिहासिक कारनामे के लिए काफी लंबे समय तक लोगों को याद रहने वाला है।

मुंबई टेस्ट का दूसरा दिन एजाज पटेल के ऐतिहासिक कारनामे के लिए काफी लंबे समय तक लोगों को याद रहने वाला है। उन्होंने शनिवार को भारतीय पारी के सभी दस विकेट झटक कर अनिल कुंबले और जिम लेकर जैसे दिग्गजों खिलाडियों की लिस्ट में अपनी जगह बना ली है। उन्होंने जैसे ही इस कारनामे को अंजाम दिया, वैसे ही पूरी भारतीय टीम और स्टेडियम में मौजूद फैन्स ने खड़े होकर उनके लिए तालियां बजाईं। यहां तक की भारतीय कप्तान विराट कोहली, हेड कोच राहुल द्रविड़ और तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज तो दिन का खेल खत्म होने के बाद कीवी लेफ्ट आर्म स्पिनर को उनके अविश्वसनीय प्रदर्शन के लिए बधाई देने पहुंच गए। 

तीनों ने ऐसा करके ना सिर्फ फैंस, बल्कि न्यूजीलैंड टीम के खिलाड़ियों का भी दिल जीत लिया। एजाज ने अपनी इस बेमिसाल उपलब्धि पर कहा कि उनकी किस्मत में था कि वह मुंबई में ही ऐसा प्रदर्शन करें। गौरतलब है कि 33 साल के एजाज का जन्म मुंबई में हुआ था। वह आठ साल की उम्र तक मुंबई के जोगेश्वरी में रहते थे। साल 1996 में वह अपने पिता यूनुस पटेल और मां शहनाज पटेल के साथ न्यूजीलैंड शिफ्ट हो गए थे। 12000 किलोमीटर दूर न्यूजीलैंड शिफ्ट होने के बाद एजाज को भी पता नहीं था कि वह 25 साल बाद अपना सपना पूरा करेंगे।

एजाज ने इस मैच में 47.5 ओवर डाले जिसमे से 12 ओवर मेडन हुए उन्होंने 119 रन​ दिए और पारी में सभी 10 विकेट चटकाए। एजाज अब टेस्ट क्रिकेट की एक पारी में 10 विकेट लेने वाले दुनिया के तीसरे गेंदबाज बन गए हैं। उनसे पहले भारत के अनिल कुंबले और इंग्लैंड के जिम लेकर ने एक पारी में 10 विकेट लिए थे।


Desk Team