हमने शायद ही कभी सोचा होगा की अपनी यॉर्कर से बल्लेबाज़ों की नींद बर्बाद करने वाले तेज गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह को एक ही सीरीज के लिए सही लेकिन टीम का उपकप्तान बनाया जाएगा। मगर अब ये साफ़ है कि सिलेक्टर्स ने इस तेज गेंदबाज को तीनों फॉर्मेटों में लगातार अच्छा खेल दिखाने का इनाम दिया है। चेतन शर्मा की अगुवाई वाली चयन समिति ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में बेहतरीन कप्तानी दिखाने वाले ऋषभ पंत और श्रेयस अय्यर को नजरअंदाज करके बुमराह को साउथ अफ्रीका के खिलाफ वन डे सीरीज के लिए उप कप्तान नियुक्त किया है। रोहित शर्मा के चोटिल होने के बाद केएल राहुल इस सीरीज में टीम की कमान संभालेंगे।
बुमराह की उप कप्तान बनाने से पंत और अय्यर के लिए ये साफ़ संदेश है कि उन्हें सभी फॉर्मेटों में लगातर अच्छा खेल दिखाना होगा। बुमराह 2016 से इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने के बाद से निरंतर अच्छा खेल दिखाते रहे हैं। बीसीसीआई के सूत्रों ने एक न्यूज़ एजेंसी से कहा, ‘यह व्यवस्था एक सीरीज के लिए है क्योंकि रोहित का वेस्टइंडीज और श्रीलंका के खिलाफ सीरीज में वापसी करना तय है और तब राहुल उप कप्तान की भूमिका निभाएंगे।’

उन्होंने कहा, ‘ चयनकर्ता बुमराह को उनके निरंतर अच्छे प्रदर्शन और अच्छे क्रिकेट सेंस का इनाम देना चाहते थे। इसलिए उन्हें पंत और अय्यर पर प्राथमिकता दी गई।’ चयन समिति के पूर्व अध्यक्ष एमएसके प्रसाद ने भी कहा कि उन्हें केवल एक सीरीज के लिए उप कप्तान बनाया गया है इसलिए सिलेक्टर्स के लिए यह आसान फैसला था। प्रसाद ने कहा, ‘जसप्रीत बहुत समझदार है और काफी सूझबूझ से काम लेता है। इसलिए उन्हें क्यों न इसका सम्मान दिया जाए। मुझे यह फैसला पसंद है। अगर एक तेज गेंदबाज सभी प्रारूपों में अच्छा प्रदर्शन कर रहा है तो उसे कप्तान क्यों नहीं बना सकते।’


Download Android App
Download iOS App




