भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने मंगलवार को अपने अध्यक्ष नरिंदर बत्रा की अध्यक्षता में 11 सदस्यीय भारतीय राष्ट्रमंडल खेल संघ (सीजीए ऑफ इंडिया) का गठन किया। बत्रा के अलावा समिति में आईओए के वरिष्ठ अधिकारियों आरके आनंद (वरिष्ठ उपाध्यक्ष), अनिल खन्ना (वरिष्ठ उपाध्यक्ष), राजीव मेहता (महासचिव) और आनंदेश्वर पांडे (कोषाध्यक्ष) को शामिल किया गया है।
समिति के अन्य सदस्य वीडी नानावटी, आदिले सुमरिवाला, कुलदीप वत्स, अजय सिंह, दुष्यंत चौटाला और अजित बनर्जी होंगे। केंद्रीय मंत्री और भारतीय तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष अर्जुन मुंडा और भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) के प्रमुख रनिंदर सिंह समिति के विशेष आमंत्रित सदस्य होंगे।
राष्ट्रमंडल खेल महासंघ (सीजीएफ) के अनुसार प्रत्येक राष्ट्रमंडल देश में अपना राष्ट्रमंडल खेल महासंघ होना चाहिए जो सदस्य देशों के बीच खेल गतिविधियों से जुड़े मामलों से निपटे। भारतीय राष्ट्रमंडल खेल संघ बर्मिंघम में 2022 में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों सहित राष्ट्रमंडल देशों से जुड़े मामलों के संदर्भ में सीजीएफ के साथ काम करेगा।


Download Android App
Download iOS App



