दुबई : भारत की चोटिल सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने आईसीसी महिला एकदिवसीय बल्लेबाजी रैंकिंग में शीर्ष स्थान गंवा दिया है और उनकी जगह न्यूजीलैंड की एमी सैटरवेट नंबर एक बल्लेबाज बन गयी हैं। मंधाना चोटिल होने के कारण दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज में भाग नहीं ले पायी थी जिसका उन्हें नुकसान हुआ और वह एक पायदान नीचे दूसरे स्थान पर खिसक गयी। मंधाना के 755 अंक हैं।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले अभ्यास के दौरान मंधाना के दायें पांव की उंगलियों पर गेंद लगने से फ्रैक्चर हो गया था। भारत ने यह सीरीज 3-0 से जीती। अन्य भारतीय बल्लेबाजों में कप्तान मिताली राज सातवें स्थान पर खिसक गयी हैं जबकि हरमनप्रीत कौर आगे बढ़कर 17वें स्थान पर पहुंच गयी हैं।
गेंदबाजों की रैंकिंग में झूलन गोस्वामी, शिखा पांडे और पूनम यादव क्रमश: छठे, आठवें और नौवें स्थान पर हैं। आलराउंडरों में दीप्ति शर्मा तीसरे स्थान पर हैं जबकि शिखा पांडे शीर्ष दस में पहुंच गयी है।


Download Android App
Download iOS App



