शुक्रवार को इंग्लैंड और भारत के बीच पांच मुकाबलों की टेस्ट सीरीज का पांचवां और निर्णायक मुकाबला कोरोना महामारी के बढ़ते केस की वजह से रद्द कर दिया गया। वहीं मैच को रद्द कर देने के बाद इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने सवाल खड़े किए हैं। दरअसल वॉन का मानना है कि मैनचेस्टर टेस्ट इस वजह से रद्द किया गया है ताकि आईपीएल को फायदा पहुंच सके। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय खिलाड़ियों को पीसीआर टेस्ट पर भरोसा करना चाहिए था।

माइकल वॉन ने कहा, ईमानदारी से कहूं तो यह सब पैसे और आईपीएल को लेकर हुआ है। टेस्ट रद्द कर दिया गया है क्योंकि खिलाड़ियों को कोरोना संक्रमण के खतरे और आईपीएल को मिस करने से डर लग रहा होगा।

एक हफ्ते में हम आईपीएल देखेंगे और खिलाड़ी मुस्कुराते और खुश होकर इधर-उधर दौड़ेंगे। लेकिन उन्हें पीसीआर टेस्ट पर भरोसा करना चाहिए था। हम अब इस वायरस के बारे में बहुत कुछ जानते हैं। हम इसे बेहतर तरीके से प्रबंधित और संभालना जानते हैं।

वॉन ने कहा, मुझे यह आश्चर्यजनक लगता है कि भारत मैच खेलने के लिए 20 सदस्यीय टीम के 11 खिलाड़ियों को नहीं उतार कर सका। अगर ऐसे खिलाड़ी थे जो अलग होना चाहते थे और खेलना नहीं चाहते थे, तो ठीक है। यह व्यक्तिगत पसंद के बारे में है। लेकिन भारत को एकादश के खिलाड़ियों को मैदान पर उतारने के लिए हर संभव कोशिश करनी चाहिए थी, भले ही इसका मतलब तीसरी स्ट्रिंग टीम चुनना ही क्यों न हो। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में बहुत सारे रिजर्व खिलाड़ियों के साथ जीत हासिल की थी।

बताते चले, भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की इस टेस्ट सीरीज के आखिरी मुकाबले को कोविड-19 के एक के बाद एक बढ़ते मामलों की वजह से रद्द करना पड़ा है। भारत की तरफ से कोरोना वायरस की एंट्री के बाद बीसीसीआई ने मैनचेस्टर टेस्ट खेलने से साफ इंकार कर दिया गया था , क्योंकि बोर्ड को इस बात की चिंता सता रही थी अगर वे खेलेंगे तो 19 सितंबर से दुबई में आयोजित होने वाला आईपीएल 2021 का दूसरा चरण में खलल पैदा हो सकती है।


Download Android App
Download iOS App



