एकातेरिनबर्ग : केइसुके होंडा के गोल की बदौलत जापान ने पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए यहां फीफा विश्व कप ग्रुप एच मैच में सेनेगल को 2-2 से बराबरी पर रोककर नाकआउट के लिए क्वालीफाई करने की उम्मीदों को जीवंत रखा। सेनेगल ने सादियो माने (11वें मिनट) और मूसा वेग (71वें मिनट) के गोल की बदौलत मैच में दो बार बढ़त बनाई लेकिन जापान ने तकाशी इनयुई (14वें मिनट) और होंडा (78वें मिनट) के गोल की मदद से दोनों बार बराबरी हासिल कर ली।
इस ड्रा के बाद जापान और सेनेगल दोनों के दो मैचों में एक जीत और एक ड्रा से चार-चार अंक हैं। दोनों का गोल अंतर भी समान है। जापान ने अपने पहले मैच में कोलंबिया को 2-1 से हराया था जबकि सेनेगल ने पोलैंड को इसी अंतर से मात दी थी। सेनेगल ने इस तरह से जापान के खिलाफ अपना अजेय अभियान जारी रखा।
दोनों टीमों के बीच इससे पहले तीन मैत्री मैच खेले गए हैं जिसमें से अफ्रीकी टीम ने दो में जीत दर्ज की जबकि एक ड्रा रहा। जापान और सेनेगल दोनों ने ही बिना कोई जोखिम उठाए मैच में सतर्क शुरुआत की जिससे अधिकांश खेल शुरू में मिडफील्ड में ही खेला गया। इस दौरान दोनों टीमों ने कुछ मूव बनाने की कोशिश की लेकिन किसी टीम को सफलता नहीं मिली।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए यहाँ क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



