एडीलेड : आस्ट्रेलिया के स्टार तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क अपने भाई की शादी के समारोह में शिरकत करने के लिए श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच से हट गए हैं। स्टार्क के विकल्प के तौर पर बिली स्टेनलेक या सीन एबोट को टीम में शामिल किया जा सकता है।
बुधवार को होने वाले दूसरे टी20 में आस्ट्रेलिया तीन मैचों की श्रृंखला में 2-0 की अजेय बढ़त बनाने के इरादे से उतरेगा। क्रिकेट आस्ट्रेलिया ने सोमवार को अपनी वेबसाइट पर यह जानकारी दी। आस्ट्रेलिया के उप कप्तान पैट कमिन्स ने संवाददाताओं से सोमवार को कहा कि आस्ट्रेलियाई टीम श्रीलंका के खिलाफ शार्ट गेंदों का प्रभावी इस्तेमाल जारी रखेगी।
कमिन्स ने कहा, ‘‘इस (शार्ट गेंदबाजी करना) बारे में हमने बात की, इसमें कोई संदेह नहीं, विशेषकर गाबा या एडीलेट ओवल में, जहां पिचें काफी तेज और उछाल वाली हैं।’’ आस्ट्रेलिया ने रविवार को एडीलेड में पहले टी20 में श्रीलंका को 134 रन से हराया था। डेविड वार्नर ने इस मैच के साथ फार्म में वापसी करते हुए नाबाद 100 रन बनाए थे।


Download Android App
Download iOS App



