भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज विकेटकीपर-बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी काफी लंबे समय से क्रिकेट मैदान से दूर चल रहे हैं। हालांकि आए दिन इंटरनेशनल क्रिकेट में उनके भविष्य को लेकर कई तरह की बातें सामने आती रहती हैं। हर कोई जानना चाहता है कि महेंद्र सिंह धोनी इंटरनेशनल क्रिकेट से कब संन्यास लेंगे।

हाल ही में अपने संन्यास की खबरों पर एमएस धोनी ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में वह जनवरी तक वापसी के बारे में बात नहीं करना चाहते हैं। हाल ही में धोनी एक कार्यक्रम में पहुंचे थे जहां उनसे क्रिकेट मैदान पर वापसी करने पर सवाल किया गया तो उन्होंने जवाब देते हुए कहा, जनवरी तक मत पूछो।

विश्व कप 2019 के सेमीफाइनल मैच में न्यूजीलैंड ने भारत को करारी मात दी थी। उस मैच के बाद धोनी ने क्रिकेट से ब्रेक ले लिया था और अभी भी वह टीम से बाहर चल रहे हैं। इस दौरान कई तरह की खबरें धोनी के संन्यास को लेकर आती रहीं हैं।

बता दें कि लगातार युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत असफल चल रहे हैं जिसके बाद क्रिकेट फैन्स को उम्मीद हो गई है कि इंटरनेशनल क्रिकेट में एक बार फिर से महेंद्र सिंह धोनी की वापसी हो सकती है।

बीते मंगलवार को धोनी पर मीडिया के सवाल पर भारतीय टीम के मुख्य कोच रवि शास्त्री ने कहा था, यह इस बात पर निर्भर करता है कि वह कब खेलना शुरु करते हैं और आईपीएल में कैसा खेलते हैं वहीं दूसरे खिलाड़ी विकेटकीपिंग में क्या कर रहे हैं और धोनी के मुकाबले उनकी फॉर्म क्या है? आईपीएल बड़ा टूर्नामेंट होगा क्योंकि आपके लगभग 15 खिलाड़ी तय हो चुके होंगे।


Download Android App
Download iOS App



