नई दिल्ली : प्रजनेश गुणेश्वरन की अगुआई में सभी शीर्ष खिलाड़ियों को सोमवार को भारत की डेविस कप टीम में जगह दी गई जो पाकिस्तान के खिलाफ उसी की सरजमीं पर खेलने जाएगी। अखिल भारतीय टेनिस संघ (एआईटीए) की चयन समिति के अध्यक्ष रोहित राजपाल ने हालांकि कहा कि वे सुमित नागल की ‘अनुपलब्धता’ के मामले पर गौर करेंगे। शीर्ष एकल और युगल खिलाड़ियों का चयन लगभग तय था जिसके कारण टीम में किसी हैरान करने वाले नाम को जगह नहीं मिली।
प्रजनेश गुणेश्वरन और रामकुमार रामनाथन एकल में भारत की चुनौती की अगुआई करेंगे जबकि इस्लामाबाद में 14-15 सितंबर को ग्रास कोर्ट पर होने वाले मुकाबले में रोहन बोपन्ना और दिविज शरण युगल जोड़ी बनाएंगे। चोट के कारण नागल के खुद को अनुपलब्ध रखने के कारण पांच सदस्यीय समिति ने माइनेनी को चुना जो रैंकिंग में अगले सर्वश्रेष्ठ भारतीय खिलाड़ी हैं और एकल तथा युगल दोनों मुकाबलों में खेल सकते हैं। युवा और प्रतिभावान शशि कुमार मुकुंद को रिजर्व सदस्य के रूप में चुना गया है।
राजपाल और बलराम सिंह ने बैठक में हिस्सा लिया जबकि जीशान अली, नंदन बल और अंकिता भांबरी टेलीकांफ्रेंस के जरिये जुड़े। माइनेनी भारत के पिछले मुकाबले की टीम में शामिल थे जब भारत ने पिछले साल कलकत्ता साउथ क्लब के ग्रास कोर्ट पर इटली की मेजबानी की थी और टीम को 1-3 से हार झेलनी पड़ी। उन्होंने हालांकि इस मुकाबले में खेलने का मौका नहीं मिला था। माइनेनी पिछली बार सितंबर 2018 में खेले थे जब भारत ने विश्व ग्रुप प्ले आफ के लिए सर्बिया का दौरा किया था।
माइनेनी और बोपन्ना की जोड़ी को तब निकोला मिलोजेविच और डेनिलो पेत्रोविच की जोड़ी के खिलाफ सीधे सेटों में हार का सामना करना पड़ा था। माइनेनी ने पिछले हफ्ते हमवतन अर्जुन काधे के साथ मिलकर चेंग्दू चैलेंजर का खिताब जीता था लेकिन एकल में उनका प्रदर्शन प्रभावी नहीं रहा है और चैलेंजर टूर पर वह 14 टूर्नामेंटों में सिर्फ एक बार सेमीफाइनल में जगह बनाने में सफल रहे।


Download Android App
Download iOS App



