रोम : स्पेन के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी राफेल नडाल ने दमदार प्रदर्शन करते हुए विश्व के नंबर एक खिलाड़ी इटालियन ओपन का खिताब अपने नाम किया। तीन सेट तक चले मुकाबले में नडाल ने जोकोविक को शिकस्त देकर लगातार दूसरी बार यह टाइटल अपने नाम किया। नडाल ने फाइनल में सर्बिया के जोकोविक को 6-0, 4-6, 6-1 से मात दी। नडाल ने पहली बार जोकोविक को एक सेट में बैगल (6-0) से हराया।
सर्बिया के जोकोविक ने एक सेट से पिछड़ने के बाद दूसरे सेट में वापसी की और 6-4 से जीतकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। तीसरे सेट में 11 बार के फ्रेंच ओपन विजेता नडाल ने शुरुआती दो गेम जीते, लेकिन तीसरा गेम जोकोविक ने जीतकर स्कोर 1-2 किया। फिर नडाल ने लगातार चार गेम जीतकर सेट, मैच और ट्रॉफी अपने नाम की। यह मैच दो घंटे 29 मिनट तक चला। दोनों खिलाड़ी 54वीं बार एक-दूसरे का सामना कर रहे थे और जोकोविक 28-26 से आगे हैं। नडाल का यह इस साल पहला एटीपी खिताब है।
इससे पहले जोकोविक ने अजेर्ंटीना के डिएगो श्वार्ट्जमैन को दो घंटे 31 मिनट में 6-3, 6-7, 6-3 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। वहीं, 17 बार के ग्रैंडस्लैम विजेता नडाल सेमीफाइनल में यूनान के स्टेफानोस सितसिपास को 6-3, 6-4 से मात देकर फाइनल में पहुंचे थे।


Download Android App
Download iOS App



