भारत के ध्वजवाहक नीरज चोपड़ा ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए 88.06 मीटर की जबर्दस्त थ्रो के साथ 18वें एशियाई खेलों की एथलेटिक्स प्रतियोगिता की भाला फेंक स्पर्धा में सोमवार को स्वर्ण पदक जीतकर नया इतिहास बना दिया। भारत को नीरज के स्वर्ण के अलावा धरुण अयासामी ने 400 मीटर पुरुष बाधा दौड़, सुधा सिंह ने महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेत्र स्पर्धा और नीना वराकिल ने महिलाओं की लंबी कूद स्पर्धा में रजत पदक दिला दिया। भारत ने इस तरह एथलेटिक्स में अब तक दो स्वर्ण और 6 रजत सहित आठ पदक जीत लिए हैं।
18वें एशियाई खेलों में भारतीय दल के ध्वजवाहक बने हरियाणा के 20 साल के नीरज से स्वर्ण की उम्मीद की जा रही थी और उन्होंने शानदार अंदाज में इस उम्मीद को पूरा कर दिखाया। नीरज इस तरह एशियाई खेलों में भाला फेंक में स्वर्ण जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बन गए। नीरज ने इसके साथ ही देश के महान एथलीट उड़न सिख मिल्खा सिंह के एक ही वर्ष में राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों में स्वर्ण जीतने के 60 साल पुराने रिकार्ड की बराबरी भी कर ली। नीरज ने गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में 86.47 मीटर की थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता था।
नीरज ने 2016 की जूनियर विश्व चैंपियनशिप में 86.48 मीटर की थ्रो के साथ स्वर्ण जीत कर इतिहास बनाया था। 2018 में नीरज ने दोहा डायमंड लीग में 87.43 मीटर की अपनी सर्वश्रेष्ठ थ्रो फेंकी थी और उन्होंने एशियाई खेलों में 88.06 मीटर के साथ इसमें सुधार कर लिया।लंबे बाल रखने वाले नीरज की पहली थ्रो 83.46 मीटर थी। उनकी दूसरी थ्रो फाउल रही लेकिन तीसरी थ्रो में उन्होंने 88.06 मीटर की दूरी नाप ली। नीरज ने चौथे प्रयास में 83.25 मीटर और पांचवें प्रयास में 86.36 मीटर तक भाला फेंका। उनका छठा प्रयास फाउल रहा लेकिन तीसरे प्रयास से वह अपना स्वर्ण पदक सुनिश्चित कर चुके थे।
चीन के कीझेन लियू ने 82.22 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ रजत और पाकिस्तान के अरशद नदीम ने 80.75 मीटर के साथ कांस्य पदक जीता। इस स्पर्धा में भारत के एक अन्य एथलीट शिवपाल सिंह 74.11 मीटर के साथ आठवें स्थान पर रहे। धरुण अयासामी ने 400 मीटर पुरुष बाधा दौड़ में रजत पदक जीता। अयासामी ने 48.96 सेकंड का अपना सर्वश्रेष्ठ समय निकालते हुये रजत जीता। बहरीन के अबदररहमान सांबा ने 47.66 का नया एशियाई खेल रिकार्ड बनाते हुये स्वर्ण पदक जीता। जापान के ताकातोशी एबे ने 49.12 सेकंड में कांस्य पदक जीता।
भारत के संतोष कुमार इस स्पर्धा में 49.66 सेकंड का समय निकालकर पांचवें स्थान पर रहे। तमिलनाडु के 21 वर्षीय अयासामी ने 2016 के रियो ओलंपिक में हिस्सा लिया था और इस साल गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में वह हीट में ही बाहर हो गये थे। लेकिन एशियाई खेलों में उन्होंने अपना सर्वश्रेष्ठ समय निकाला और अपना पहला एशियाड पदक जीत लिया। इसी स्पर्धा के महिला वर्ग में अनु राघवन 56.92 सेकंड के साथ चौथे और जौना मुर्मु 57.48 सेकंड के साथ संयुक्त पांचवें स्थान पर रहीं। इस स्पर्धा का स्वर्ण और कांस्य बहरीन ने जीता जबकि वियतनाम के हाथ रजत पदक लगा।


Download Android App
Download iOS App



