टेस्ट रैंकिंग में विराट बने नंबर वन, गावस्कर की रेटिंग का तोड़ा रिकॉर्ड

Summary :

NULL

भारतीय कप्तान विराट कोहली बर्मिंघम में इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में अपने जबरदस्त प्रदर्शन की बदौलत ऑस्ट्रेलिया के स्टीवन स्मिथ को पीछे छोड़कर दुनिया के नंबर एक टेस्ट बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इसके साथ ही आलटाइम रेटिंग में हमवतन सुनील गावस्कर को पीछे छोड़ दिया है।

विराट ने इस टेस्ट में 149 और 51 रन बनाये जिसकी बदौलत उन्होंने 31 अंक की लम्बी छलांग लगायी और 934 अंकों के साथ टेस्ट रैंकिंग में सर्वोच्च स्थान पर शान से विराजमान हो गए। हालांकि विराट को इस बात का थोड़ा अ़फसोस जरूर रहेगा कि उनके शानदार प्रदर्शन के बावजूद भारत यह टेस्ट 31 रन से हार गया। भारतीय कप्तान के सीरीज शुरू होने से पहले 903 अंक थे और वह शीर्ष पर मौजूद स्मिथ (929) से 26 अंक पीछे थे लेकिन दोनों पारियों के अपने प्रदर्शन से विराट ने स्मिथ को दूसरे स्थान पर छोड़ दिया।

स्मिथ इस समय बॉल टेंपरिंग मामले में एक साल का प्रतिबंध झेल रहे हैं।  विराट ने टेस्ट रैंकिंग में नंबर वन पर पहुंचने के साथ ही एक और उपलब्धि भी हासिल कर ली है। उन्होंने आलटाइम टेस्ट रेटिंग में हमवतन और महान ओपनर सुनील गावस्कर को पीछे छोड़ दिया है।गावस्कर के 916 रेटिंग अंक हैं। विराट आलटाइम रेटिंग में अब 14वें स्थान पर आ गए हैं। इस क्रम में ऑस्ट्रेलिया के सर डॉन ब्रैडमैन 961 अंकों के साथ शीर्ष पर हैं।

स्मिथ अब दूसरे स्थान पर आ गए हैं जबकि इंग्लैंड के जो रुट का तीसरा स्थान बना हुआ है। टेस्ट रैंकिंग में अन्य भारतीय बल्लेबाजों को अपने निराशाजनक प्रदर्शन का नुकसान उठाना पड़ा है। इस टेस्ट से बाहर रहे चेतेश्वर पुजारा अपने छठे स्थान पर कायम हैं जबकि लोकेश राहुल एक स्थान गिरकर 19वें, अजिंक्या रहाणे तीन स्थान गिरकर 22वें, मुरली विजय एक स्थान गिरकर 25वें और शिखर धवन एक स्थान गिरकर 25वें स्थान पर खिसक गए हैं। हार्दिक पांड्या ने अपनी रैंकिंग में 10 स्थान का सुधार किया है और अब वह 57वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

पहली पारी में मुरली विजय 20, शिखर धवन 26, लोकेश राहुल 4 और अजिंक्या रहाणे 15 रन बनाकर आउट हुए जबकि दूसरी पारी में मुरली विजय 6, शिखर धवन 13, लोकेश राहुल 13 और अजिंक्या रहाणे 2 रन बनाकर आउट हुए। गेंदबाजी में इंग्लैंड के जेम्स एंडरसन का पहला, दक्षिण अफ्रीका के कैगिसो रबादा का दूसरा और इस मैच से बाहर रहे भारत के लेफ्ट आर्म स्पिनर रवींद्र जडेजा का तीसरा स्थान बना हुआ है। ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन अपने पांचवें स्थान पर कायम हैं।

R Ashwin removes Keaton Jennings and Joe Root early on Day 3.

तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी दो स्थान गिरकर 19वें स्थान पर खिसक गए हैं जबकि इशांत शर्मा का 26वां और उमेश यादव का 28वां स्थान बना हुआ है। इस टेस्ट में मैन ऑफ द मैच रहे और इंग्लैंड की दूसरी पारी में महत्वपूर्ण अर्धशतक बनने वाले सैम करेन ने बल्लेबाजी में सीधे 72वें स्थान पर और गेंदबाजी में 62वें स्थान पर छलांग लगायी है। करेन ने भारत की पहली पारी में चार विकेट चटकाने सहित कुल पांच विकेट हासिल किये।

Desk Team