पाकिस्तान के हरफनमौला खिलाड़ी मोहम्मद हफीज अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास से पहले इस साल आईसीसी टी20 विश्व कप में देश का प्रतिनिधित्व करना चाहते है। हफीज ने एक साक्षात्कार में कहा कि वह टी20 विश्व कप में अपने देश के लिए खेलना और इसमें टीम को अच्छा प्रदर्शन करने में मदद करना चाहते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘ मैंने तय किया है कि टी20 विश्व कप के बाद मैं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लूंगा। इसके बाद मै सिर्फ टी20 लीग में खेलने पर ध्यान केंद्रित करूंगा। हफीज पहले ही टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और वह सिर्फ सफेद गेंद प्रारूप में खेलते हैं।
पाकिस्तान के लिए 55 टेस्ट, 218 वनडे और 91 टी20 अंतरराष्ट्रीय खेलने वाले 39 साल के हफीज ने कहा कि उन्होंने अभी यह फैसला नहीं किया है कि वह संन्यास लेने के बाद क्या करेंगे।’ टी20 अंतरराष्ट्रीय में टीम की कमान संभाल चुके हफीज ने कहा, ‘‘यह कोचिंग हो सकता है। मुझे अभी कुछ नहीं पता, समय आने पर मैं अपना मन बना लूंगा।’’
पिछले साल इंग्लैंड में खेले गये विश्व कप के लिए नजरअंदाज किये जाने के बाद हफीज ने फरवरी में बांग्लादेश के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में टीम में वापसी की। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने दागी शरजील खान की वापसी पर सवाल उठाने के लिए हाल ही में मोहम्मद हफीज को फटकार लगाई थी।


Download Android App
Download iOS App



