मुंबई : अखिल भारतीय चयन समिति के चेयरमैन एमएसके प्रसाद का कहना है कि ऋषभ पंत, विजय शंकर और अंजिक्य रहाणे विश्व कप के लिए चुनी जाने वाली भारतीय टीम का हिस्सा हो सकते हैं। आईसीसी क्रिकेट विश्व कप इस वर्ष इंग्लैंड और वेल्स में होना है और भारत को खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा है।
प्रसाद ने माना कि पंत के बेहतरीन प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं की मुश्किलें बढ़ा दी हैं और विजय की बल्लेबाजी ने विश्व कप के लिए चुनी जाने वाली टीम को एक नया आयाम दिया है। निश्चित रूप से पंत रेस में हैं। उन्होंने चयनकर्ताओं की मुश्किलें बढ़ा दी हैं जोकि एक अच्छी चीज है। पिछले एक साल में खेल के सभी प्रारूपों में पंत का प्रदर्शन दमदार रहा है। हमें महसूस हुआ कि उन्हें परिपक्व होने की जरूरत इसलिए हमने उन्हें इंडिया-ए की हर संभव सीरीज में शामिल किया।
पंत ने 2018 में वेस्टइंडीज के खिलाफ केवल तीन वनडे मैच खेले लेकिन टेस्ट क्रिकेट और इंडिया-ए की ओर से किए गए शानदार प्रदर्शन के लिए चयनकर्ताओं ने उनकी सराहना की। विश्व कप के लिए पंत को भारतीय टीम में बतौर बल्लेबाज भी शामिल किया जा सकता है क्योंकि महेंद्र सिंह धोनी और दिनेश कार्तिक के रूप में चयनकार्ताओं के पास विकेटकीपर का विकल्प पहले से ही मौजूद है।
दूसरी ओर, हरफनमौला खिलाड़ी शंकर ने न्यूजीलैंड के खिलाफ हुई टी-20 सीरीज में विराट कोहली की गैर मौजूदगी में नंबर तीन पर बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए टीम में अपनी उपयोगिता भी साबित की है। प्रसाद ने कहा कि जितने भी मौके मिले उसमें विजय शंकर ने यह दर्शाया है कि उनके पास इस स्तर पर खेलने की क्षमता है।
हम पिछले दो वर्षो से इंडिया-ए के विभिन्न टूर के जरिए बेहतर खिलाड़ी बनाने का प्रयास कर रहे हैं लेकिन हमें यह देखना होगा कि वह टीम में किस तरह फिट बैठेंगे। रहाणे पर प्रसाद ने कहा कि घरेलू क्रिकेट में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया है। वह विश्व कप के लिए चुनी जाने वाली टीम में शामिल हो सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App



